उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में गुरुवार शाम स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। लखनऊ से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 12003 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव क्लास (E-1) कोच पर अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया, जिससे कोच का बाहरी शीशा चटक गया। घटना के समय RSS प्रमुख मोहन भागवत भी ट्रेन में यात्रा कर रहे थे।
फिरोजाबाद में हुई घटना
जानकारी के अनुसार, शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ, कानपुर और इटावा से होकर नई दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान फिरोजाबाद शहर के परमेश्वर गेट के पास, थाना दक्षिण और रसूलपुर क्षेत्र की सीमा पर किसी व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंका। पत्थर सीधे E-1 कोच के शीशे से टकराया, जिससे उसका आउटर ग्लास को बहुत नुकसान हुआ।
टूंडला जंक्शन पर बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, GRP और RPF अलर्ट हो गए। ट्रेन को टूंडला जंक्शन पर विशेष जांच के लिए रोका गया। सामान्य तौर पर शताब्दी एक्सप्रेस का यहां केवल एक मिनट का ठहराव होता है, लेकिन सुरक्षा जांच के चलते ट्रेन करीब सात मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। सभी जरूरी जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया और वह सुरक्षित नई दिल्ली पहुंच गई।
जांच के लिए गठित की गईं 6 टीमें
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगरा जोन के ADG एस.के. भगत और DIG शैलेंद्र पांडे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ADG एस.के. भगत ने बताया कि घटना में किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा है, केवल एक कोच का बाहरी शीशा प्रभावित हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।