बिहार के समस्तीपुर जिले में निर्माणाधीन बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा महासेतु पर बीते शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पुल का स्लैब क्रेन से ऊपर चढ़ाए जाने के दौरान अचानक चेन टूट गई, जिससे भारी स्लैब सीधे गंगा नदी में गिर गया। हादसे में छह लोग घायल हो गए।
पांच लोग PMCH रेफर
घायलों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी नवाब शेख का इलाज पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। वहीं अन्य पांच मजदूरों की गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया है। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पिलर संख्या 58 पर चल रहा था काम
जानकारी के मुताबिक, हादसा पिलर संख्या 58 पर हुआ, जहां स्लैब को क्रेन की मदद से स्थापित किया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन की चेन टूट गई और पूरा स्लैब नीचे नदी में गिर गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरातफरी मच गई और मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जांच में जुटी तकनीकी टीम
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तार से तकनीकी
जांच की जाएगी। फिलहाल जांच में क्रेन की चेन टूटना हादसे की वजह माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बिहार में पुल हादसों पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद बिहार में पुलों और निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पिछले कुछ वर्षों में राज्य में कई पुल ढहने और निर्माणाधीन ढांचों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बता दें कि वर्ष 2024 में मानसून के दौरान 17 दिनों के भीतर 12 पुल ढहने की घटनाएं दर्ज की गई थीं। वहीं भागलपुर के अगुवानी-सुल्तानगंज पुल का हिस्सा भी कई बार क्षतिग्रस्त हो चुका है।
Read More
DU छात्रा के सुसाइड से मचा हड़कंप, फौजी पिता की राइफल से खुद को मारी गोली

