पाकिस्तान से भारत आईं सीमा हैदर(Seema Haider) ने अपने पति सचिन मीणा और बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर पूरे परिवार ने घर की छत पर तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान गाया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में परिवार के सदस्य देशभक्ति के रंग में नजर आए। बच्चों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए, जबकि सीमा ने ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए। स्वतंत्रता दिवस के दौरान सीमा हैदर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इन नेताओं को हीरो के तौर पर देखा है और देश के लिए किए गए उनके काम की सराहना की। इसके साथ ही सीमा ने पाकिस्तान के नेताओं पर भी निशाना साधा। उनका आरोप था कि वहां के नेता अपने और अपने परिवार के फायदे पर ज्यादा ध्यान देते थे और जनता की चिंता नहीं करते थे।
बच्चों के साथ चौथी बार मनाया 15 अगस्त
सीमा ने बताया कि वह भारत में चौथी बार स्वतंत्रता दिवस मना रही हैं। उन्होंने खुद को और अपने बच्चों को भाग्यशाली बताया कि वे भारत में हैं। वीडियो में उन्होंने भारत के प्रति अपना प्यार और सनातन धर्म के प्रति आस्था भी जाहिर की।
कई दिनों से चल रही थी तैयारी
सचिन मीणा ने बताया कि सीमा कई दिनों से स्वतंत्रता दिवस की तैयारी कर रही थीं। 15 अगस्त से पहले उन्होंने बच्चों के लिए कपड़े, तिरंगे और दूसरी जरूरी चीजें खरीदीं। सचिन ने पूरे परिवार की ओर से देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। इस तरह सीमा हैदर और उनके परिवार ने तिरंगा फहराकर, राष्ट्रगान गाकर और देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
वीडियो में सीमा हैदर ने क्या कहा ?
सीमा हैदर ने कहा, “हम चौथी बार 15 अगस्त मना रहे हैं। हम बहुत खुशकिस्मत हैं कि हम आज़ादी का दिन मना रहे हैं। साथ ही, मैं और मेरे बच्चे बहुत भाग्यशाली हैं कि हम भारत में हैं और भारतीय हैं। मुझे अपने भारत से प्यार है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं बहुत गर्व के साथ कहती हूँ कि मुझे अपने सनातन धर्म से प्यार है। हम हिंदू धर्म को मानते हैं। हमें भारत देश से प्यार है।”