PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की एक सप्ताह के दौरे पर हैं। शनिवार को PM यात्रा की शुरुआत फ्रांस से करते हुए नीस पहुंचे हैं। नीस में भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया है। प्रधानमंत्री रविवार को यानि की आज फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें दोनों देशों के रणनीतिक, आर्थिक, तकनीकी और वैश्विक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने के चांस हैं।
दो चरणों में होगा फ्रांस दौरा
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर हो रहा यह दौरा कई अहम कार्यक्रमों से जुड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी 13 और 14 जून को नीस में रहेंगे। इसके बाद वह 14 से 15 जून तक स्लोवाकिया की यात्रा करेंगे। फिर 16 से 18 जून के बीच एवियन और पेरिस में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए दोबारा फ्रांस लौटेंगे।
भारत-फ्रांस संबंधों की होगी समीक्षा
रविवार को होने वाली मोदी-मैक्रों वार्ता में भारत और फ्रांस के बीच सभी प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। दोनों देशों ने फरवरी में मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान अपने रिश्तों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाने का निर्णय लिया था। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए दोनों नेता रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार, निवेश और वैश्विक चुनौतियों पर सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा कर सकते हैं।
‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का संयुक्त रूप से उद्घाटन भी करेंगे। इस आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के स्टार्टअप, निवेशक तथा उद्यम पूंजी कोष शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच बढ़ते नवाचार सहयोग को मजबूती देना है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह मंच भारतीय स्टार्टअप और इनोवेटर्स को अपने अत्याधुनिक समाधान और उत्पाद दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर देगा।
प्रधानमंत्री ने जताई उत्सुकता
नीस पहुंचने के बाद PM मोदी ने बताया कि, ‘मैं अभी नीस पहुंचा हूं। नीस के अलावा फ्रांस की इस यात्रा में एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम शामिल है। इसमें द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगे, जिनका मकसद भारत के प्रमुख विकास साझेदारों के साथ दोस्ती के रिश्तों को मजबूत करना है। मैं कल राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और भारत इनोवेट्स कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।’
G7 शिखर सम्मेलन में भी होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान 17 जून को होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी कई वैश्विक नेताओं के साथ मुलाकात और कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संभावित बैठक भी इस दौरे में शामिल है।
स्लोवाकिया दौरे पर भी जाएंगे PM मोदी
फ्रांस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14 से 15 जून तक स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी। इस दौरान वह राष्ट्रपति पीटर पेलीग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
व्यापार और निवेश पर रहेगा जोर
ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री मोदी उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि यह यात्रा भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में चल रही बातचीत को नई गति देने में मददगार साबित हो सकती है। भारत सरकार इस दौरे को यूरोप के साथ आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रही है।
Read More:

