Patliputra Station Chaos: बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे हजारों छात्रों ने रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। ट्रेनों की कमी और कई गाड़ियों के देरी से पहुंचने के कारण नाराज छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परीक्षा छूटने के डर से छात्रों ने किया हंगामा
मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जानी थी। परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रात से ही स्टेशन पहुंचने लगे थे। पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं होने और ट्रेनों के निर्धारित समय से देरी से आने के कारण छात्रों में परीक्षा छूटने की चिंता बढ़ती गई, जिससे उनका गुस्सा भड़क उठा।
एग्जाम स्पेशल ट्रेन पहुंचते ही बिगड़े हालात
स्थिति उस समय और ज्यादा गंभीर हो गई जब पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में चढ़ने को लेकर अभ्यर्थियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद कई छात्र पाटलिपुत्र-कटिहार एग्जाम स्पेशल ट्रेन के आगे रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
पथराव और तोड़फोड़ से बढ़ा तनाव
हंगामे के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने ट्रेन में तोड़फोड़ की और पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी की वजह से स्टेशन परिसर में तनाव और बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया गया।
पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग
स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग की। पुलिस की कार्रवाई के बाद हालात को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ समय तक स्टेशन परिसर में तनाव बना रहा। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की।
IG समेत कई पुलिसकर्मी हुए घायल
हिंसक झड़प और पथराव के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस घटना में आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी को भी हल्की चोटें आईं। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर डटे रहे वरिष्ठ अधिकारी
स्थिति को सामान्य बनाने के लिए आईजी जितेंद्र राणा, एसपी, दानापुर एसडीएम और एएसपी समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारी अभ्यर्थियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और रेलवे संचालन को सामान्य करने में जुटे रहे।
रेलवे ने चलाईं अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें
हंगामे के बीच रेलवे प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया। प्रशासन का प्रयास है कि अभ्यर्थियों को समय पर उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा सके। फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन मिलकर स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।
Read More:

