Parliament Monsoon Session 2026: संसद के मानसून सत्र के दूसरे सप्ताह की शुरुआत सोमवार को अहम विधायी कार्यों के साथ होगी। केंद्र सरकार आज लोकसभा में ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) अमेंडमेंट बिल, 2026’ पेश करेगी। इस विधेयक का उद्देश्य पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई करते हुए परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाना है।
पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
प्रस्तावित विधेयक में पेपर लीक से जुड़े मामलों के तुरंत निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा जांच दो महीने के भीतर पूरी करने की व्यवस्था का भी प्रस्ताव है। बिल के मुताबिक पेपर लीक के दोषियों को कम से कम पांच साल और अधिकतम 10 साल तक की सजा दी जा सकेगी। वहीं संगठित अपराध के मामलों में कम से कम सात साल की सजा और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान रखा गया है।
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री करेंगे बिल पेश
मोदी सरकार की ओर से यह विधेयक आज लोकसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पेश करेंगे। सरकार का कहना है कि इस कानून के जरिए पेपर लीक माफियाओं पर प्रभावी रोक लगाने की कोशिश की गई है। कानून बनने के बाद पेपर लीक के दोषियों को 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना हो सकेगा।
सर्विस प्रोवाइडर और कोचिंग संस्थानों पर भी शिकंजा
प्रस्तावित कानून में केवल आरोपियों ही नहीं बल्कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी संस्थाओं के लिए भी कड़े प्रावधान किए गए हैं। यदि कोई सर्विस प्रोवाइडर कंपनी दोषी पाई जाती है तो उसे आठ सालों के लिए ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। वहीं कंपनी के डायरेक्टर या मैनेजर की मिलीभगत साबित होने पर उन्हें भी 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का सामना करना पड़ेगा। यदि किसी कोचिंग संस्थान की पेपर लीक में भूमिका सामने आती है तो उसकी संपत्ति जब्त करने का भी प्रावधान रखा गया है।
संसद में हंगामे के बीच अहम दिन
मानसून सत्र के शुरुआती दिन लगातार हंगामे की भेंट चढ़े हैं। हालांकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार से संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चल सकती है। सुबह 11 बजे लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी, जहां सरकार का प्रमुख फोकस इस अहम विधेयक को सदन के सामने रखना रहेगा।
विपक्ष भी बनाएगा अपनी रणनीति
जहां सरकार पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून लाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष भी अपनी रणनीति तय करने में जुटा है। संसद भवन में आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में INDIA ब्लॉक की बैठक होगी। इस बैठक में विपक्षी दल एंटी-पेपर लीक कानून में प्रस्तावित संशोधनों पर चर्चा करेंगे और तय करेंगे कि संसद में इस विधेयक पर उनका रुख क्या होगा।
Read More:

