पंजाब में गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ जारी अभियान के तहत एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फिरोजपुर के मक्खू इलाके में कारोबारी गुरचरण सिंह गाबा की हत्या के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस, फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में की गई।
जम्मू-कश्मीर में छिपे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों आरोपी पंजाब छोड़कर जम्मू-कश्मीर में छिप गए थे। खुफिया जानकारी मिलने के बाद AGTF ने फिरोजपुर और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। शरूआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी राजस्थान के निवासी हैं।
विदेशी पिस्टल और कारतूस बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक विदेशी बेरेटा .30 बोर पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों तक ये हथियार कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों में रंगदारी, लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। उनकी गिरफ्तारी पर राजस्थान पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में थाना मक्खू में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश, इसके पीछे शामिल लोगों और संभावित गैंगस्टर नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पंजाब पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Read More

