कानपुर: घाटमपुर क्षेत्र में एक 25 वर्षीय गर्भवती युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव आम के बगीचे से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम में उसके करीब सात महीने की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है, लेकिन मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है। जांच में युवती के दो युवकों से संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, गर्भ में पल रहे बच्चे के पिता की पहचान के लिए DNA जांच कराने की तैयारी की जा रही है।
दोनों युवकों से थे संबंध
पुलिस के मुताबिक, युवती के गोलू पांडे और प्रांजल नाम के दो युवकों से संबंध थे। दोनों पास के इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं। युवती के गर्भवती होने के बाद उसने दोनों से बच्चे की जिम्मेदारी लेने और शादी करने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि युवती दोनों युवकों से यह जानना चाहती थी कि बच्चे की जिम्मेदारी कौन उठाएगा। हालांकि, आरोप है कि दोनों युवक जिम्मेदारी लेने से बचते रहे। इस बीच युवती की गर्भावस्था आगे बढ़ती गई और वह मानसिक तनाव में रहने लगी।
अचानक घर से हुई लापता
पुलिस के अनुसार, युवती को अपने रिश्तों और गर्भावस्था को लेकर सामाजिक दबाव का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद एक दिन वह घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में उसका शव एक आम के बगीचे में मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं
घाटमपुर थाना प्रभारी योगेश सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम में युवती के करीब सात महीने की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है, लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। मौत की वजह पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। उसकी जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
DNA से होगी बच्चे के पिता की पहचान
पुलिस अब जांच में सामने आए दोनों युवकों के DNA नमूने लेकर गर्भ में पल रहे बच्चे के DNA से उनका मिलान कराने की तैयारी कर रही है। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि बच्चे का जैविक पिता कौन है। हालांकि, पुलिस के लिए सिर्फ बच्चे के पिता की पहचान करना ही जांच का हिस्सा नहीं है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसमें दोनों युवकों की कोई भूमिका थी या नहीं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस अन्य साक्ष्यों, पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Read More
मेट्रो यात्रियों को बड़ी सौगात! इस दिन से शुरु होगा नोएडा का स्काईवॉक

