पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी(PM Atal Bihari Vajpayee) की पुण्यतिथि के अवसर पर दिल्ली में 25 नई अटल कैंटीन शुरू की गईं। इस पहल के बाद राजधानी में अटल कैंटीन की कुल संख्या बढ़कर 100 हो गई है। नई कैंटीनों का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की मौजूदगी में किया। कार्यक्रम में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे।
अटल कैंटीन योजना का उद्देश्य जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराना है। यहां लोगों को महज 5 रुपये में पूरी थाली दी जाती है। इसमें रोटी, चावल, दाल, सब्जी और अचार शामिल हैं। सरकार के अनुसार, एक थाली पर 25 रुपये की सब्सिडी दिल्ली सरकार की ओर से दी जाती है।
अलग-अलग इलाकों में पहुंची कैंटीन
नई कैंटीनों की शुरुआत दिल्ली के कई इलाकों में की गई है। इनमें टिकरी खुर्द, होलंबी खुर्द, मुखर्जी नगर-तिमारपुर, विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन, आजादपुर मंडी, रोहिणी सेक्टर-16 सहित कई स्थान शामिल हैं। इन जगहों का चयन मुख्य रूप से झुग्गी-बस्तियों, क्लस्टरों, अस्पतालों और अन्य जरूरतमंद आबादी के आसपास भोजन की सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है।
CM ने बताया महत्वपूर्ण दिन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे सरकार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अटल कैंटीन योजना के तहत 100 कैंटीन शुरू करने का लक्ष्य पूरा हो गया है। उनके मुताबिक, अब तक इन कैंटीनों में 3 करोड़ से अधिक लोग भोजन कर चुके हैं।
वहीं मंत्री आशीष सूद ने कहा कि विकास का लाभ समाज के गरीब वर्ग तक पहुंचना जरूरी है। उनके मुताबिक, गरीबों के विकास के बिना विकसित भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।