Iran-US Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी हमलों के बीच अब ईरान ने बेहद सख्त होते हुए ट्रंप को बेहद कड़ी चेतावनी दी है कि यदि हमले नहीं रुके तो वह ‘आर-पार’ की जंग शुरू कर देगा। ईरान के सुप्रीम लीडर के शीर्ष सैन्य सलाहकार और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के पूर्व प्रमुख मोहसिन रेजाई ने कहा है कि लगातार जारी अमेरिकी हमलों की स्थिति में ईरान बड़े पैमाने पर आक्रामक सैन्य अभियान शुरू करेगा।
मोहसिन रेजाई का बड़ा बयान
सीजफायर टूटने के एक हफ्ते बाद ईरान ने शनिवार को वाशिंगटन के खाड़ी सहयोगियों और जॉर्डन पर हमले तेज कर दिए। इसी बीच ईरानी स्टेट टेलीविजन पर संबोधित करते हुए मोहसिन रेजाई ने अमेरिका को सीधी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, ‘हम अमेरिका को चेता रहे हैं कि वह तनाव बढ़ाना बंद करे। अगर अमेरिकी हवाई हमले अगले कुछ दिनों तक और जारी रहे, तो ईरान अपनी रक्षात्मक मुद्रा को छोड़कर पूरी तरह से ‘फुल-स्केल आक्रामक ऑपरेशन्स’ की शुरुआत कर देगा।’
एक्सपर्ट्स ने जताई बड़े हमले की आशंका
मिलिट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि ईरान के इस बयान का मतलब बड़ी सैन्य कार्रवाई की ओर है। उनके अनुसार, यदि हालात और बिगड़ते हैं तो ईरान पूरे मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों, युद्धपोतों और उसके सहयोगी देशों, जैसे इजरायल, जॉर्डन और खाड़ी देशों, पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर जवाबी हमला कर सकता है।
तीन हफ्तों में 50 लोगों की मौत
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले तीन हफ्ते के दौरान ईरानी सैन्य ठिकानों पर हुए अमेरिकी हमलों में अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 500 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
जॉर्डन पर हमले से बढ़ा तनाव
अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने शनिवार को अमेरिका के खाड़ी सहयोगियों और जॉर्डन पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए। जॉर्डन में हुए इस हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई। लगातार बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि क्षेत्र से होने वाली तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है।
Read More:

