उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के ‘लोकसेवा, राष्ट्रनिर्माण, सशक्तिकरण, विकास और जनकल्याण’ के 12 वर्षों की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। साथ ही केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभार्थियों को दर्शाने वाली एक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
‘PM मोदी ने बनाया नया कीर्तिमान’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति कमजोर मानी जाती थी, लेकिन आज भारत आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने अपनी बात रख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनभागीदारी के नए मानक स्थापित किए हैं, जिसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 41 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान, 11 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ, तथा जन धन योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं ने देश में व्यापक परिवर्तन लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ऐसे पहले नेता हैं जिन्होंने आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई।
‘तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण की राजनीति’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति तुष्टिकरण पर आधारित रही है, जबकि भाजपा संतुष्टिकरण और सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में और अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में उभरेगा।
Read More

