हिमाचल प्रदेश(Himachal Pradesh) में लगातार हो रही बारिश के बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। शुक्रवार को चंबा जिले से जुड़े पांगी-उदयपुर सड़क मार्ग पर कडू (काहुडू) नाला के पास पहाड़ी से चट्टान का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। उसी समय वहां से गुजर रही एक टाटा सूमो इसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में चालक सहित 13 लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो कुल्लू से पांगी की ओर जा रही थी। वाहन में चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे। जैसे ही गाड़ी कडू नाला के पास पहुंची अचानक पहाड़ी से चट्टान गिर गई और वाहन उसके नीचे दब गया। हादसे में चालक बीर सिंह की भी जान चली गई। यह दुर्घटना लाहौल-स्पीति जिले की सीमा के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में हुई।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं प्रशासन मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के साथ-साथ हादसे के कारणों की भी विस्तृत जांच कर रहा है।
लगातार बारिश के कारण चंबा जिले की पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग भी प्रभावित हुआ है। सतरुंडी और रानीकोट नाले के पास हुए भारी भूस्खलन की वजह से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। इससे पांगी घाटी की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रुक गई है और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से बिना जरूरी कारण यात्रा नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही सफर करें और मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।