HomeBreaking NewsTesla Cybertruck पर लगा ताला! 2027 में बंद होगा प्रोडक्शन, एलन मस्क...

Tesla Cybertruck पर लगा ताला! 2027 में बंद होगा प्रोडक्शन, एलन मस्क ने बताई वजह

दुनिया की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला (Tesla) अपने सबसे चर्चित प्रोडक्ट्स में शामिल साइबरट्रक (Cybertruck) का प्रोडक्शन बंद करने जा रही है। कंपनी ने पुष्टि की है कि साल 2027 में टेक्सास गीगाफैक्टरी में इस इलेक्ट्रिक पिकअप ट्रक का निर्माण बंद हो जाएगा। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है। खास बात यह है कि साइबरट्रक का प्रोडक्शन शुरू होने के करीब चार साल बाद ही कंपनी ने इसे बंद करने का फैसला किया है।

2019 में पेश हुआ था साइबरट्रक का कॉन्सेप्ट

टेस्ला ने साल 2019 में साइबरट्रक का कॉन्सेप्ट दुनिया के सामने पेश किया था। उस समय कंपनी ने दावा किया था कि इसका प्रोडक्शन 2021 में शुरू हो जाएगा। हालांकि, कई कारणों से निर्माण में देरी हुई और आखिरकार 2023 में टेक्सास गीगाफैक्टरी में इसका प्रोडक्शन शुरू हुआ। कंपनी ने इसे अपने फ्लैगशिप प्रोडक्ट के तौर पर पेश किया था। अमेरिकी बाजार में इसका मुकाबला फोर्ड F-150 जैसे लोकप्रिय पिकअप ट्रकों से था। साइबरट्रक अपने अनोखे और भविष्य की कारों जैसे डिजाइन के कारण लॉन्च के समय काफी चर्चा में रहा। अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको, यूएई, कतर, दक्षिण कोरिया और सऊदी अरब जैसे बाजारों में इसकी बिक्री की गई।

डिजाइन और कीमत बनी बिक्री में रुकावट

साइबरट्रक की शुरुआती लोकप्रियता ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सकी। इसकी बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाई। इसके पीछे कई वजहें सामने आईं। इसका बेहद अलग और एंगुलर डिजाइन कुछ ग्राहकों को पसंद आया, तो कई लोगों ने इसे पसंद नहीं किया। इसके अलावा स्टेनलेस स्टील से बनी बॉडी के कारण भी इसे चुनौतियों का सामना करना पड़ा। यूरोप के सुरक्षा नियमों के अनुरूप इसका डिजाइन नहीं होने से वहां इसकी बिक्री का रास्ता आसान नहीं रहा। लॉन्च के समय इसकी कीमत भी शुरुआती कॉन्सेप्ट के दौरान किए गए वादे से काफी ज्यादा थी। अब तक इसकी करीब 63 हजार यूनिट्स बिकने की बात सामने आई है। जबकि एलन मस्क ने पहले अनुमान लगाया था कि लॉन्च के शुरुआती साल में ही इसकी 2.5 लाख यूनिट्स की बिक्री हो सकती है।

अब Cybercab के निर्माण पर होगा फोकस

साइबरट्रक का प्रोडक्शन बंद करने के पीछे टेस्ला की एक बड़ी रणनीति भी है। एलन मस्क के मुताबिक, इससे टेक्सास गीगाफैक्टरी में साइबरकैब (Cybercab) के निर्माण के लिए ज्यादा जगह उपलब्ध होगी। साइबरकैब कंपनी की ऑटोनॉमस इलेक्ट्रिक टैक्सी है, जिसे बिना ड्राइवर के चलने वाली तकनीक के साथ विकसित किया जा रहा है। इसमें बटरफ्लाई स्टाइल दरवाजे दिए जाएंगे। साइबरट्रक का प्रोडक्शन बंद होने के बाद टेस्ला के ग्लोबल पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो में मॉडल 3 और मॉडल Y प्रमुख मॉडल रह जाएंगे। कंपनी का यह फैसला दिखाता है कि अब उसका फोकस पारंपरिक इलेक्ट्रिक कारों के साथ ऑटोनॉमस व्हीकल टेक्नोलॉजी पर भी बढ़ रहा है।

Read More

अयोध्या में लौटा त्रेतायुग! रामायण के सातों कांडों की भव्य झांकियों ने जीता श्रद्धालुओं का दिल

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments