केंद्र सरकार ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर पायरेटेड फिल्मों और वेब सीरीज की उपलब्धता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कंपनी को नोटिस जारी कर ऐसे सभी चैनलों और ग्रुप्स को प्लेटफॉर्म से हटाने के निर्देश दिए हैं, जो फिल्मों और OTT कंटेंट के अवैध पायरेटेड शेयर कर रहे हैं। मंत्रालय ने टेलीग्राम से 15 दिनों के भीतर इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है।
तीन दिन में दूसरा नोटिस
सूत्रों के अनुसार, यह तीन दिनों के भीतर टेलीग्राम को भेजा गया दूसरा नोटिस है। इससे पहले 2 जुलाई को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने यूजरनेम फीचर और यूजर्स की प्राइवेसी से जुड़े मुद्दों पर कंपनी से जवाब मांगा था।
टेलीग्राम खुद करे कार्रवाई
सरकार ने टेलीग्राम से कहा है कि वह सिर्फ शिकायत मिलने का इंतजार न करे, बल्कि पायरेटेड कंटेंट को प्लेटफॉर्म पर आने से रोकने के लिए मजबूत और सक्रिय निगरानी तंत्र विकसित करे। मंत्रालय का कहना है कि कंपनी का मौजूदा रवैया सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के अनुरूप नहीं है। सरकार ने बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले चैनलों, ग्रुप्स, बॉट्स, अकाउंट्स और उनके एडमिनिस्ट्रेटर्स के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
पहले भी 3,000 से अधिक चैनल हुए ब्लॉक
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले भी पायरेसी फैलाने वाले 3,000 से अधिक टेलीग्राम चैनलों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यदि इस तरह का कंटेंट मिलता है तो नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Read More
गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 लोगों को किया गिरफ़्तार