HomeBreaking News‘नारी शक्ति से किया वादा पूरा करेंगे’, महिला आरक्षण पर PM मोदी...

‘नारी शक्ति से किया वादा पूरा करेंगे’, महिला आरक्षण पर PM मोदी का बड़ा संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का अपना वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली हर बाधा दूर की जाएगी। उनका यह बयान 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले आया है।

‘महिलाओं को संसद में भागीदारी से नहीं रोक पाएगा कोई’

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, “हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा कई दशकों से उठता रहा है। देश की अनेक महिलाओं ने पत्रों और व्यक्तिगत मुलाकातों के जरिए उनसे इस विषय पर अपनी अपेक्षाएं जाहिर की हैं। पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अपनी भागीदारी बढ़ाने से नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार का संकल्प मजबूत है और उसे देशभर की महिलाओं का समर्थन प्राप्त है।

कैबिनेट ने दो विधेयकों को दी मंजूरी

प्रधानमंत्री का यह बयान केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से महिला आरक्षण से जुड़े नए विधायी प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने के एक दिन बाद आया है। सरकार के प्रस्तावों में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 शामिल हैं। इन प्रस्तावों का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है। सरकार आगामी विशेष सत्र के दौरान इन विधेयकों को संसद में पेश करने की योजना बना रही है।

परिसीमन से जुड़ा है 33% महिला आरक्षण का प्रावधान

महिलाओं को एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान संविधान के 106वें संशोधन अधिनियम, 2023 में किया गया था। इसे आमतौर पर महिला आरक्षण कानून कहा जाता है। हालांकि, इसके लागू होने की प्रक्रिया को अगली जनगणना के आंकड़े जारी होने के बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। अब सरकार नए विधायी प्रस्तावों के जरिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। ऐसे में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चर्चा अहम रहने वाली है।

Read More

छत्तीसगढ़ के 1,280 करोड़ के शराब घोटाले का आरोपी UAE से भारत लाया गया, इंटरपोल के रेड नोटिस पर था वांटेड

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments