झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह(Deepika Pandey Singh) की बेटी तृषा का सड़क हादसे में निधन हो गया। हादसे में तृषा समेत चार लोगों की मौत की खबर से गोड्डा और पूरे झारखंड में शोक का माहौल है। कम उम्र में बेटी को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तृषा की अंतिम यात्रा रांची स्थित मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास से निकाली गई।
इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड सरकार के कई मंत्री, परिवार के सदस्य, करीबी लोग और शुभचिंतक शामिल हुए। अंतिम यात्रा के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। बेटी के निधन से दीपिका पांडेय सिंह बेहद भावुक नजर आईं। उन्हें इस स्थिति में देखकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अपने आंसू नहीं रोक सके।
दलों की सीमाएं हुईं खत्म
इस दुखद घटना के बाद राजनीतिक मतभेद पीछे छूट गए। अलग-अलग दलों के नेताओं ने घटना पर दुख जताया और मंत्री के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कई नेता दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर पहुंचे और परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत दी।
नेताओं ने जताई गहरी संवेदना
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने घटना को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दर्द एक मां के लिए शब्दों में बयां करना मुश्किल है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि इस कठिन समय में पूरी प्रदेश कांग्रेस दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के साथ खड़ी है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी तृषा के असामयिक निधन पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी घटना को बेहद दुखद बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की।