राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रमुख कोचिंग हब मुखर्जी नगर से महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। 23 और 24 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे हकीकत पार्क के पास एक छात्रा और उसकी सहेली के साथ कार सवार युवकों ने अभद्रता की। आरोपियों ने न केवल लड़कियों पर गंदे कमेंट्स किए और गाली-गलौज की, बल्कि जबरन उन्हें गाड़ी में खींचने का प्रयास भी किया। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया।
दिल्ली: मुखर्जी नगर में एक छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है और जांच कर रही है। छात्रा ने शिकायत की थी कि एक SUV ड्राइवर ने उस पर कमेंट किए और उसे गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की: दिल्ली पुलिस
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 24, 2026
मुखर्जी नगर थाने में BNS के तहत FIR दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आई और छात्रा की लिखित शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुखर्जी नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 79 और 3(5) के तहत FIR नंबर 390/26 दर्ज की है। ये धाराएं महिलाओं से छेड़छाड़, उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने और सामूहिक मंशा से किए गए अपराधों से संबंधित हैं।
सफारी गाड़ी का नंबर और आरोपी की पहचान
जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल वाहन का पता चला, जिसका नंबर DL11CF4447 है। यह सफारी गाड़ी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत पाई गई, लेकिन वारदात के समय इसे अनिल कुमार का बेटा नमन चला रहा था। गाड़ी के भीतर उसके दो से तीन अन्य साथी भी मौजूद थे, जिन्होंने इस पूरी हरकत में उसका साथ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों को बाउंड डाउन
तकनीकी साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को बाउंड डाउन कर दिया है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और वारदात से जुड़े सभी साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जा सके।
छात्र बहुल इलाके में सुरक्षा पर गंभीर सवाल
मुकेर्जी नगर जैसे शैक्षणिक क्षेत्र में, जहां देश भर से हजारों छात्राएं आकर पढ़ाई और कोचिंग करती हैं, इस तरह की दुस्साहसिक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। इस वारदात के बाद से स्थानीय छात्राओं और निवासियों में भारी डर और रोष का माहौल है, और लोग पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
READ MORE: तुर्की में कांपी धरती, 5.8 की तीव्रता से आया जोरदार भूकंप, लोगों में मची अफरा-तफरी

