बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र और मजबूत होकर गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) में बदल गया है, जिसके प्रभाव से ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक बेहद भारी बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में अत्यधिक वर्षा का अनुमान जताते हुए लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए 27 जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) जैसी स्थिति बनने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
The Deep Depression over northwest Bay of Bengal and adjoining areas of West Bengal-North Odisha coasts moved very slowly northwards with the speed of 3 kmph during past 6 hours and lay centred at 0830 hrs IST of today, the 27th July 2026, over the same region near latitude… pic.twitter.com/DxHEBhAjah
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 27, 2026
29 जुलाई तक बना रह सकता है असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना अवदाब सोमवार को गहरे अवदाब में तब्दील हो गया। रविवार रात 11:30 बजे तक सागर द्वीप से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण, दीघा से 80 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, चांदबाली से 150 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व और बालेश्वर से 140 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में केंद्रित थी। IMD ने बताया कि यह गहरा अवदाब सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पारादीप और सागर द्वीप के बीच तट पार कर चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इसका प्रभाव 29 जुलाई तक बना रह सकता है।
तीन जिलों में रेड अलर्ट
IMD ने सुंदरगढ़, केंदुझर और मयूरभंज जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 12 अन्य जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के खतरे को देखते हुए जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा और मयूरभंज जिलों में सोमवार को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा गया।
हाई अलर्ट पर प्रशासन
विशेष राहत आयुक्त (SRC) ने सभी जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, गहरे अवदाब के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठने और मौसम खराब रहने की आशंका के चलते मछुआरों को 29 जुलाई तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि खराब समुद्री परिस्थितियों में समुद्र में उतरना जान-माल के लिए जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए सभी लोग जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
Read More
NEET प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी, कहा – ‘शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार’

