बिहार के सीवान जिले में नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान AK-47 से हवाई फायरिंग(Siwan Firing) करने वाले पुलिस जवान के खिलाफ विभाग ने सख्त कदम उठाया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रारंभिक जांच में उसकी पहचान एसआईटी में तैनात अभिषेक पटेल के रूप में हुई है।
शनिवार को बिहार बंद के आह्वान के बीच बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी सीवान के गांधी मैदान में एकत्र हुए थे। शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा लेकिन कुछ समय बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर पुलिस बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया और गांधी मैदान तथा जेपी चौक के पास पुलिस पर पथराव किया। इस दौरान सीवान के पुलिस अधीक्षक पुराण कुमार झा के पैर में चोट लगी। इसके अलावा कई पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर मौजूद कुछ पत्रकार भी पथराव में घायल हो गए।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए कदम
पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति नहीं संभली तो लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इसी दौरान सामने आए एक वीडियो में एक जवान AK-47 से हवाई फायरिंग करता दिखाई दिया जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
अन्य जिम्मेदारों पर भी होगी कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने तुरंत जांच शुरू की। शुरुआती जांच में अभिषेक पटेल की पहचान होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका भी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।