महाराष्ट्र और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोनों राज्यों की सीमा के पास स्थित महाराष्ट्र-गुजरात चेक पोस्ट क्षेत्र में पिछले कई घंटों से हालात बेहद खराब बने हुए हैं। लगातार बारिश और जलभराव के कारण कई इलाकों में संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई है। राहत और बचाव टीमें लगातार लोगों की मदद में जुटी हुई हैं। मुंबई से गुजरात जाने वाले प्रमुख मार्ग(Mumbai-Gujarat Highway) NH-48 पर बारिश के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
हाईवे पर करीब 35 से 40 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। कई वाहन पिछले दो से तीन दिनों से रास्ते में फंसे हुए हैं और उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिल पा रहा है। बारिश की रफ्तार कुछ समय के लिए कम हुई थी, लेकिन दोबारा तेज बारिश शुरू होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। वापी चेक पोस्ट भी फिलहाल बंद है। इस जाम में आम लोगों के साथ-साथ महाराष्ट्र से गुजरात जा रहे सेना के जवानों के वाहन भी फंस गए हैं।
रेल सेवाओं पर भी पड़ा असर
भारी बारिश का असर रेलवे सेवाओं पर भी देखने को मिला है। दक्षिण गुजरात में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण मुंबई जाने वाली कई यात्री ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। घोलवड़-उमरगाम रोड क्षेत्र में पुल पर पानी का स्तर बढ़ने के कारण मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग का संचालन प्रभावित हुआ।
पालघर में राहत अभियान जारी
महाराष्ट्र के पालघर जिले में भी बारिश और बाढ़ जैसे हालातों ने मुश्किलें बढ़ाई हैं। पिछले दो दिनों में यहां दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों ने बचाव अभियान चलाकर प्रभावित इलाकों से 244 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पालघर के दहानू और तलासरी क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के स्कूल और शैक्षणिक संस्थान भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रभावित क्षेत्रों में हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।