President Droupadi Murmu European Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, नार्थ मैसिडोनिया और रोमानिया की आधिकारिक राजकीय यात्रा पर रहेंगी। इस दौरे का उद्देश्य भारत और इन तीनों यूरोपीय देशों के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन, निवेश और दूसरे कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग को नई मजबूती देना है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा मध्य और पूर्वी यूरोप के देशों के साथ भारत की बढ़ती साझेदारी को और मजबूत करेगी।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी रहेगा साथ
राष्ट्रपति के साथ एक उच्चस्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी इस दौरे में शामिल होगा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा भी इस यात्रा का हिस्सा होंगे। उन्होंने इसे देश को रिप्रेजेंट करने का प्राउड अवसर बताते हुए कहा कि वह 19 से 25 जुलाई तक राष्ट्रपति के साथ आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे।
ऐतिहासिक होगा मोल्दोवा और नार्थ मैसिडोनिया दौरा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा और नार्थ मैसिडोनिया की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। वहीं, रोमानिया की किसी भारतीय राष्ट्रपति द्वारा 30 सालों से ज्यादा समय बाद राजकीय यात्रा की जा रही है। इससे पहले साल 1994 में किसी भारतीय राष्ट्रपति ने रोमानिया का दौरा किया था। विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने कहा कि यह दौरा भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देगा।
व्यापार और निवेश पर रहेगा फोकस
दौरे के दौरान व्यापार, प्रौद्योगिकी और पर्यटन के साथ-साथ निवेश, डिजिटल तकनीक, नवाचार, अक्षय ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, संस्कृति और संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होगी। दोनों पक्ष आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को विस्तार देने के लिए कई अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
20 जुलाई को मोल्दोवा पहुंचेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जुलाई को राष्ट्रपति माया सांडू के निमंत्रण पर मोल्दोवा पहुंचेंगी। यहां वह राष्ट्रपति माया सांडू के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री और संसद अध्यक्ष इगोर ग्रोसु से भी मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से बातचीत करेंगी, भारत-मोल्दोवा व्यापार मंच को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति माया सांडू उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन करेंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और मोल्दोवा के संबंध मित्रतापूर्ण हैं और आर्थिक सहयोग की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले की मोल्दोवा ने कड़ी निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत का समर्थन किया था।
21-22 जुलाई को नार्थ मैसिडोनिया में होंगे कार्यक्रम
राष्ट्रपति 21 और 22 जुलाई को राष्ट्रपति गोरदाना सिल्यानोव्स्का-दावकोवा के निमंत्रण पर नार्थ मैसिडोनिया जाएंगी। यहां वह राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी, प्रधानमंत्री ह्रिस्टियान मिकोस्की और संसद अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी और नार्थ मैसिडोनिया की संसद को भी संबोधित करेंगी। इसके अलावा वह भारत-नार्थ मैसिडोनिया व्यापार मंच में हिस्सा लेंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देश कृषि, दवा उद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी और आईटी सेवाओं जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के इच्छुक हैं। नार्थ मैसिडोनिया खुद को भारतीय कंपनियों के लिए यूरोप का प्रवेश द्वार बनाना चाहता है।
23 से 25 जुलाई तक रोमानिया में रहेंगी राष्ट्रपति
दौरे के अंतिम चरण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 से 25 जुलाई तक राष्ट्रपति निकुसोर दान के निमंत्रण पर रोमानिया जाएंगी। इस दौरान वह राष्ट्रपति निकुसोर दान के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा अंतरिम प्रधानमंत्री इलिये बोलोजान, सीनेट अध्यक्ष मिर्चिया अब्रुडियन, चैंबर ऑफ डेप्युटीज के अध्यक्ष सोरिन ग्रिंडेनू तथा रोमानिया-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति भारत-रोमानिया व्यापार मंच को भी संबोधित करेंगी और वहां रह रहे भारतीय समुदाय से बातचीत करेंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, रोमानिया यूरोपीय संघ में भारत का एक अहम साझेदार है और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के बाद दोनों देशों के आर्थिक संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद है।
Read More:
PM मोदी के दौरे के बाद पंजाब भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, 16 जिलों में नए अध्यक्षों की घोषणा

