PM Modi Thanks Saying Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर युवाओं के नाम एक नया वीडियो जारी किया। लगातार दूसरे दिन जारी इस संदेश में उन्होंने पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर युवाओं से मिले सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। वीडियो की शुरुआत में उन्होंने कहा, ‘थैंक्यू फ्रेंड्स।’ इसके बाद उन्होंने बताया कि हाल ही में युवाओं के साथ हुई बातचीत के दौरान उन्हें कई सकारात्मक और अच्छे सुझाव मिले हैं, जो इस समस्या के समाधान की दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
युवाओं के सुझावों के लिए जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें पिछली रात युवाओं से मिलने और उनकी बातें सुनने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि इस दौरान पेपर लीक के मुद्दे पर युवाओं ने खुलकर अपने विचार साझा किए और कई अच्छे सुझाव दिए। प्रधानमंत्री ने इन सुझावों को बेहद अहम बताते हुए सभी युवाओं का दिल से धन्यवाद किया और कहा कि युवाओं की भागीदारी से व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।
पेपर लीक पर सुझावों को बताया अहम
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं की ओर से दिए गए सुझाव केवल उनकी चिंता को नहीं दर्शाते, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने की सोच भी सामने रखते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सकारात्मक सुझाव भविष्य में नीतियां तैयार करने और परीक्षा प्रणाली में सुधार लाने के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
PM Narendra Modi Message To Youths Of India 🇮🇳🙏 pic.twitter.com/Zd8QxO25Uo
— p. (@_Real_PR) July 25, 2026
एक दिन पहले भी जारी किया था वीडियो संदेश
इससे पहले गुरुवार देर रात भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों को संबोधित करते हुए वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में पेपर लीक के खिलाफ चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों विद्यार्थी और उनके अभिवावकों के लिए बहुत ही पीड़ादायक है। इसलिए पेपर लीक घटना से अब तक पिछले ढाई महीनों में अनेक वैध कदम उठाए गए। गुनहगारों को पकड़ा गया है। वह जेल में पड़े हैं।”
विद्यार्थियों का साल बचाना सरकार की प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने अपने पहले वीडियो संदेश में यह भी कहा था कि सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी छात्रों का एक साल बर्बाद होने से बचाना थी। इसी उद्देश्य से कम समय में 22 लाख छात्रों की परीक्षा कराने की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई और कुछ दिन पहले परिणाम भी घोषित हो चुके हैं, जिससे देशभर में सफल छात्रों के बीच खुशी का माहौल है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट और नए कानून की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सरकार केवल परीक्षा कराने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी करेगी। उन्होंने बताया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट और सख्त सजा के प्रावधानों से जुड़े मसौदे पर विभागों ने देर रात तक काम किया और उसे कैबिनेट के सामने रखा गया। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा और संसद के दूसरे सप्ताह में जल्द से जल्द विधेयक पारित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Read More:

