Nithya Raman New Mayor of Los Angeles: अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव के नतीजों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। लॉस एंजिल्स और वाशिंगटन डीसी में मेयर पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक सोशलिस्टों ने जीत हासिल की है। भारत में जन्मीं नित्या रमन लॉस एंजिल्स की नई मेयर चुनी गई हैं। चुनावी नतीजों से नाराज डोनाल्ड ट्रंप ने इन्हें बेहद शर्मनाक बताया है। उन्होंने अमेरिकी चुनाव व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और शेयर बाजार में आई गिरावट के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी को जिम्मेदार ठहराया।
नित्या रमन की जीत से ट्रंप को लगा झटका
लॉस एंजिल्स के मेयर पद के चुनाव में भारत में जन्मीं नित्या रमन ने जीत दर्ज की है। उनकी इस जीत को रिपब्लिकन पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके अलावा वाशिंगटन डीसी में भी मेयर पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक सोशलिस्टों को सफलता मिली है। इन नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि एक समय ऐसा आएगा जब लोग नाखुश होंगे और तब बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा, “एक समय ऐसा आएगा जब लोग नाखुश होंगे। तब बदलाव आएगा। लेकिन दुर्भाग्य से अक्सर ऐसा इतनी देर से होता है कि जब कोई शहर, देश या राज्य बहुत ज्यादा बिगड़ जाता है तो आप उसे कभी वापस नहीं ला सकते।”
ट्रंप ने चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल
लॉस एंजिल्स में चुनावी नतीजों को लेकर ट्रंप ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्होंने लॉस एंजिल्स का चुनाव देखा था और उन्हें उम्मीद थी कि स्पेंसर प्रैट फाइनल में पहुंचेंगे। ट्रंप के मुताबिक, उन्हें ही नहीं, बल्कि बाकी लोगों को भी यही उम्मीद थी।
उन्होंने अमेरिकी चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “हमारे चुनाव इतने बेइमान हैं।” ट्रंप ने आगे कहा कि अगर इतिहास पर नजर डालें तो यह एक बड़ी तबाही साबित हो सकती है। उन्होंने न्यूयॉर्क के एक व्यक्ति का भी जिक्र किया, जिनके साथ वह काम कर रहे हैं और जिनके साथ उनके अच्छे संबंध हैं। हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि न्यूयॉर्क में आगे सब कुछ अच्छा होगा।
मेयर बनने के बाद नित्या रमन ने जताया आभार
लॉस एंजिल्स की नई मेयर चुने जाने के बाद नित्या रमन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस शहर की अगली मेयर बनना उनके लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। नित्या ने मौजूदा मेयर बास से बातचीत का भी जिक्र किया और उनके नेतृत्व तथा दशकों की सेवा के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि मेयर बास के योगदान के बिना लॉस एंजिल्स आज जैसा है, वैसा नहीं होता। नित्या ने शहर के लोगों पर भरोसा जताते हुए कहा कि आने वाला काम आसान नहीं होगा और बदलाव लाने में समय लगेगा, लेकिन सभी मिलकर शहर के लिए एक शानदार भविष्य तैयार करेंगे। उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा, “धन्यवाद, LA। चलिए, काम शुरू करते हैं”
शेयर बाजार में गिरावट के लिए भी डेमोक्रेट्स को बताया जिम्मेदार
अमेरिकी चुनाव नतीजों के बाद शेयर बाजार में आई गिरावट को लेकर भी ट्रंप ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि चुनाव परिणामों के कारण शेयर बाजार ने इतिहास के सबसे बुरे दिनों में से एक का सामना किया है। ट्रंप ने लिखा, “चुनाव के नतीजों की वजह से शेयर बाजार ने इतिहास के सबसे बुरे दिनों में से एक का सामना किया है। यह देखना बहुत दुखद है।”
उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को पहले से बेहतर स्तर तक पहुंचाने के लिए काफी मेहनत की थी, लेकिन चुनावी नतीजों के बाद स्थिति बदल गई। ट्रंप ने अमेरिकी नागरिकों के रिटायरमेंट फंड यानी 401(k) में आई गिरावट का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लिए रिपब्लिकन पार्टी जिम्मेदार नहीं है, बल्कि डेमोक्रेट्स की वजह से ऐसा हुआ है।
Read More:

