मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। भिंड इंटरसिटी एक्सप्रेस के एस-2 स्लीपर कोच में दो से तीन दिन की एक नवजात बच्ची लावारिस अवस्था में मिली। यात्रियों की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
यात्रियों ने दी सूचना
जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार ने बताया कि शनिवार शाम सूचना मिली थी कि ट्रेन के एस-2 कोच में एक नवजात बच्ची अकेली पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को अपने संरक्षण में लिया। महिला कांस्टेबल की मदद से उसे तत्काल स्वास्थ्य जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
बच्ची की हालत स्थिर
डॉक्टरों की प्राथमिक जांच में बच्ची की उम्र करीब दो से तीन दिन बताई गई है। फिलहाल उसे अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (MCH) वार्ड में निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, भिंड इंटरसिटी एक्सप्रेस शाम 5:25 बजे रतलाम स्टेशन से रवाना होती है। आशंका है कि ट्रेन के रवाना होने से पहले कोई अज्ञात व्यक्ति बच्ची को कोच में छोड़कर फरार हो गया। मामले की जांच के लिए स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और बच्ची की सुरक्षा तथा देखभाल के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

