राजस्थान CIA इंटेलिजेंस ने जासूसी गतिविधियों के संदेह में जैसलमेर निवासी मुस्ताक अली को गिरफ्तार किया है। एजेंसी का दावा है कि आरोपी पिछले दो वर्षों से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और सीमा क्षेत्र से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था।
निगरानी के दौरान सामने आई संदिग्ध गतिविधियां
ADG प्रफुल्ल कुमार के अनुसार, राजस्थान में पाकिस्तान समर्थित जासूसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी दौरान जैसलमेर जिले के खारिया नाचना क्षेत्र स्थित हिगोला की ढाणी निवासी 26 वर्षीय मुस्ताक अली की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके बाद इंटेलिजेंस टीम ने उस पर निगरानी शुरू की गई। शुरूआती जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से जुड़े हैंडलर्स के संपर्क में था। एजेंसियों के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों और मोबाइल डेटा की जांच के आधार पर उसके संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
चाय की दुकान की आड़ में जुटाता था सूचनाएं
जांच एजेंसियों का आरोप है कि मुस्ताक अली ने बॉर्डर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर चाय की दुकान खोल रखी थी। इसी की आड़ में वह सीमा सुरक्षा बल (BSF) और सेना की गतिविधियों पर नजर रखता था। पूछताछ और मोबाइल विश्लेषण के दौरान यह भी सामने आया कि वह कथित तौर पर सेना और BSF के मूवमेंट से जुड़े वीडियो और तस्वीरें बनाकर पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजता था।
जयपुर में कई एजेंसियां कर रहीं पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद मुस्ताक अली को जयपुर लाया गया, जहां विभिन्न सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां उससे संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और क्या किसी बड़े नेटवर्क से उसके संबंध थे।
Read More

