दक्षिण एशिया में तनाव उस वक्त चरम पर पहुंच गया जब गुरुवार तड़के पाकिस्तानी वायु सेना ने अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर 10 अलग-अलग ठिकानों पर भीषण एयर स्ट्राइक कर दी। पाकिस्तान ने दावा किया है कि ये हमले उन परिसरों पर किए गए जिनका इस्तेमाल उसके खिलाफ ड्रोन लॉन्च करने और उन्हें स्टोर करने के लिए किया जा रहा था। पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, इन्हीं ड्रोन का इस्तेमाल एक दिन पहले उनके खिलाफ हुआ था। हालांकि, यह लगातार दूसरा मौका है जब पाकिस्तान ने अफगान क्षेत्र को निशाना बनाया है।
Afghanistan:
Pakistani military regime carried out airstrike around 3:30 a.m. on the Gulan camp in Gurbuz district, as well as near Khost city and in parts of Ismail Khel and Mandozai district. pic.twitter.com/qBEUGfOeNj
— TheGlobalDecoder (@TGD_06) September 24, 2026
चार नागरिकों की मौत, तालिबान ने दी बदला लेने की धमकी
तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे एक कायरतापूर्ण और आपराधिक हरकत करार दिया है। अफगान अधिकारियों के अनुसार, कंधार, पक्तिया और खोस्त प्रांतों में हुई बमबारी में चार आम नागरिकों की जान चली गई। तालिबान प्रवक्ता ने पाकिस्तान के ड्रोन संबंधी दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पाक सेना अपनी आंतरिक नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए झूठी अफवाहें फैला रही है। तालिबान ने साफ कहा है कि इस आक्रामकता का माकूल और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
रूस ने जताई आपत्ति
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा मोड़ रूस के कड़े रुख से आया है। आमतौर पर तटस्थ या संतुलित प्रतिक्रिया देने वाले रूस ने इस बार पाकिस्तान की इस सैन्य कार्रवाई पर गहरी नाराजगी जताई है। काबुल स्थित रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया पर बैक-टू-बैक चार पोस्ट शेयर कर सीमावर्ती इलाकों में आम लोगों के हताहत होने पर गहरा दुख व्यक्त किया। रूस ने दोनों मुल्कों को आगाह करते हुए तुरंत सैन्य टकराव रोकने और बातचीत के जरिए मसले का समाधान निकालने की ताकीद की है।
क्षेत्रीय शांति पर मंडराया संकट
दोनों पड़ोसी देशों के बीच बढ़ते इस सैन्य टकराव से पूरे इलाके में युद्ध के बादल मंडराने लगे हैं। तालिबान ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान की इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत से अफगान जनता में भारी आक्रोश है, जिसके गंभीर परिणाम पाकिस्तानी सैन्य तंत्र को भुगतने होंगे। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि सीमा पर भड़की इस चिंगारी को शांत करने के लिए कूटनीतिक प्रयास किस हद तक सफल हो पाते हैं।
READ MORE: Asian Games : भारत का हॉकी में जलवा, साउथ कोरिया पर 8-2 से शानदार जीत से मचाया धमाल

