राजधानी भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र स्थित लालघाटी-हलालपुर इलाके में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे पटाखा दुकानों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की शुरुआत एक पटाखा दुकान से हुई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान के भीतर रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
लगातार धमाकों से दहला इलाका
लोगों के अनुसार आग लगने के बाद पटाखों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। आसमान में उठती चिंगारियां और आतिशबाजी जैसी स्थिति के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पटाखा दुकान के पास एक पेट्रोल पंप स्थित है, इसलिए घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग और प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा उपाय शुरू कर दिए।
मौके पर पहुंचीं दमकल गाड़ियां
आग पर काबू पाने के लिए भोपाल नगर निगम और शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी फायर यूनिट्स को हाई अलर्ट पर रखा गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी एहतियातन बंद कर दी गई, ताकि किसी तरह की अतिरिक्त दुर्घटना न हो। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने भोपाल-इंदौर और इंदौर-भोपाल मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया। मुख्य सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग पर पाया काबू
कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
Read More

