Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए कारगिल विजय दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस हर भारतीय को गर्व से भर देता है और यह दिन देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान की याद दिलाता है।
मन की बात में क्या बोले PM मोदी?
उन्होंने कहा, “कारगिल विजय दिवस हमें गर्व से भर देता है, यह दिन हमें अपने वीर जवानों के अद्भुत साहस की याद दिलाता है।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कारगिल की ऊंची-ऊंची चोटियां, खराब मौसम और दुश्मन की चुनौती जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय सैनिकों का हौसला अडिग रहा। उन्होंने मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। आज ‘कारगिल विजय दिवस’ पर मैं सभी वीर शहीदों और वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।”
युवाओं की सफलता पर जताया गर्व
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के छात्रों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय युवाओं ने विज्ञान के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि फिजिक्स ओलंपियाड में भारत के सभी पांच छात्रों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को पहली रैंक दिलाई। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले एक दशक में हर फिजिक्स ओलंपियाड में भारतीय छात्रों ने गोल्ड या सिल्वर मेडल जरूर जीते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि केमिस्ट्री ओलंपियाड में भी सभी भारतीय छात्रों ने गोल्ड मेडल हासिल किए, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वहीं, बायोलॉजी ओलंपियाड में सभी छात्रों ने पदक जीते, जिनमें एक स्वर्ण पदक शामिल रहा। गणित ओलंपियाड में भारतीय टीम ने दो स्वर्ण और चार रजत पदक अपने नाम किए।
अंतरिक्ष में निजी क्षेत्र की उपलब्धि
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में विक्रम-1 रॉकेट का सफल प्रक्षेपण भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि यह निजी क्षेत्र द्वारा विकसित भारत का पहला रॉकेट है, जिसने देश को अंतरिक्ष क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा, “हमारे युवाओं ने वो कर दिखाया, जिसकी कल्पना तक मुश्किल थी।” प्रधानमंत्री ने युवाओं की कुशलता, जुनून और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता भारत की नवाचार क्षमता का प्रमाण है।
खेलों में भी भारत का बढ़ा मान
प्रधानमंत्री ने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हाल के दिनों में देश के खिलाड़ियों ने कई ऐतिहासिक सफलताएं हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पीवी सिंधु बैडमिंटन में Japan Open का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनी हैं, जो पूरे देश के लिए गर्व की बात है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को भी बधाई दी, जिसने लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर अपना पहला टेस्ट मैच जीतकर इतिहास रच दिया।
‘वन राइड, वन नेशन, वन सेल्यूट’ का दिया संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत अपने वीरों को केवल याद ही नहीं करता, बल्कि उनकी गाथाओं को नई पीढ़ी तक भी पहुंचा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से इस साल विशेष ‘शौर्य विजय यात्रा’ निकाली गई है। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई को दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल से शुरू हुई यह मोटरसाइकिल यात्रा द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल तक पहुंचेगी। इसका संदेश है- ‘वन राइड, वन नेशन, वन सेल्यूट।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा देशवासियों को याद दिलाती है कि राष्ट्र के लिए दिया गया बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
Read More:

