IPL 2026 Delhi Capitals vs Kolkata Knight Riders: IPL में शुक्रवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को उसके ही घर में 8 विकेट से करारी शिकस्त दे दी। 143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर ने सिर्फ 14.2 ओवर में मुकाबला खत्म कर दिया। इस जीत के हीरो न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिन एलन रहे, जिन्होंने नाबाद शतक जड़ते हुए दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
एलन ने किया कमाल
लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की शुरुआत पूरी तरह आसान नहीं रही। टीम ने 31 रन के भीतर दो विकेट गंवा दिए। कप्तान अजिंक्य रहाणे 13 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए, जबकि अंगकृष रघुवंशी को अक्षर पटेल ने जल्दी पवेलियन भेज दिया। हालांकि इसके बाद फिन एलन ने ऐसा तूफानी खेल दिखाया, जिसने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
एलन ने खेली सीजन की सबसे खतरनाक पारी
फिन एलन ने सिर्फ 47 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल रहे। उन्होंने मैदान के हर हिस्से में शॉट लगाए और दिल्ली के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। दूसरी ओर कैमरून ग्रीन ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और 27 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने दिल्ली को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
दिल्ली की बल्लेबाजी फिर हुई फेल
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ठीक रही थी। पथुम निसांका और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़कर टीम को संभली हुई शुरुआत दी। निसांका ने अर्धशतक लगाया, जबकि राहुल 23 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन इसके बाद दिल्ली की मध्यक्रम बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।
मिडिल ऑर्डर ने किया निराश
केएल राहुल के आउट होने के बाद नितीश राणा 8 रन, समीर रिजवी 3 रन और ट्रिस्टन स्टब्स सिर्फ 2 रन बनाकर चलते बने। लगातार विकेट गिरने से दिल्ली की रन गति भी प्रभावित हुई। हालांकि पथुम निसांका एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने 50 रन की पारी खेली।
आशुतोष शर्मा ने की अच्छी कोशिश
निचले क्रम में आशुतोष शर्मा ने संघर्ष जरूर किया। उन्होंने 28 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 142 रन तक पहुंच सकी। केकेआर की ओर से अंकुल रॉय और कार्तिक त्यागी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कैमरून ग्रीन को एक-एक सफलता मिली।
टीमों में हुए बदलाव
मुकाबले में केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। टी नटराजन की जगह मुकेश कुमार को मौका मिला, जबकि विपराज निगम भी अंतिम एकादश में शामिल रहे। दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछली मैच वाली टीम पर ही भरोसा जताया।
प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ की राह और कठिन हो गई है। टीम अभी गणितीय रूप से टूर्नामेंट में बनी हुई है, लेकिन अब उसके लिए हर मुकाबला करो या मरो जैसा बन गया है। एक और हार दिल्ली को प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर कर सकती है।
Read More:

