HomeBreaking News15 अगस्त को दिल्ली में ट्रैफिक रहेगा ठप! लाल किले के आसपास...

15 अगस्त को दिल्ली में ट्रैफिक रहेगा ठप! लाल किले के आसपास रूट डायवर्जन से पहले जान लें पूरा प्लान

Independence Day 2026 Delhi Traffic Diversion: 15 अगस्त 2026 को लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुबह लाल किले और आसपास के इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचें। जरूरी होने पर घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी ले लें।

सुबह 4 से 10 बजे तक बंद रहेंगे रास्ते

15 अगस्त को सुबह 4 बजे से 10 बजे तक सामान्य वाहनों की आवाजाही कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगी। सिर्फ अधिकृत और निर्धारित लेबल वाले वाहनों को प्रवेश मिलेगा। इनमें नेताजी सुभाष मार्ग (दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक), लोथियन रोड (जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल चौक), एस.पी. मुखर्जी मार्ग (एच.सी. सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक), चांदनी चौक रोड (फव्वारा चौक से लाल किला), निषाद राज मार्ग (रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग), एस्प्लेनेड रोड व लिंक रोड (नेताजी सुभाष मार्ग तक) और रिंग रोड (राज घाट से आईएसबीटी) शामिल हैं।

इन इलाकों से भी बचें

रिहर्सल या समारोह का पार्किंग लेबल नहीं रखने वाले वाहनों को सी-हेक्सागन इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू-पॉइंट, ए-पॉइंट तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जे.एल. नेहरू मार्ग और निजामुद्दीन खट्टा से आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड से बचने की सलाह दी गई है। आउटर रिंग रोड के निजामुद्दीन खट्टा से आईएसबीटी कश्मीरी गेट और सालिगढ़ बाईपास की ओर जाने वाले कुछ हिस्सों पर भी सावधानी जरूरी होगी।

उत्तर-दक्षिण के वैकल्पिक रास्ते

उत्तर और दक्षिण दिल्ली के बीच अरविंदो मार्ग-सफदरजंग रोड-कमाल अतातुर्क मार्ग-कौटिल्य मार्ग-एस मार्ग-11 मूर्ति-मदर टेरेसा क्रिसेंट-पार्क स्ट्रीट-मंदिर मार्ग-पंचकुइयां रोड-रानी झांसी रोड कॉरिडोर का इस्तेमाल किया जा सकता है। दूसरा विकल्प कनॉट प्लेस-मिंटो रोड-भवभूति मार्ग-अजमेरी गेट-श्रद्धानंद मार्ग-लाहौरी गेट चौक-नया बाजार-पीली कोठी-एस.पी. मुखर्जी मार्ग है। तीसरे विकल्प में निजामुद्दीन ब्रिज से यमुना पार कर पुश्ता रोड-जी.टी. रोड-युधिष्ठिर सेतु से आईएसबीटी पहुंचा जा सकेगा।

पूर्व-पश्चिम यात्रा के विकल्प

पूर्व-पश्चिम दिशा में एनएच-24 (एनएच-9), निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड, एम्स फ्लाईओवर और रिंग रोड के रास्ते खुले रहेंगे। डीएनडी-बारापुला रोड या आश्रम-रिंग रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा निजामुद्दीन खट्टा-रिंग रोड-भैरों रोड-मथुरा रोड-सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग-राजेश पायलट मार्ग-पृथ्वीराज रोड-सफदरजंग रोड-कमाल अतातुर्क मार्ग-पंचशील मार्ग-एसपी मार्ग/रिज रोड कॉरिडोर भी विकल्प रहेगा। विकास मार्ग-आईपी मार्ग-डीडीयू मार्ग-मिंटो रोड से कनॉट प्लेस/अजमेरी गेट और आगे डीबीजी के जरिए यात्रा की जा सकती है। शास्त्री पार्क से पुश्ता रोड-जी.टी. रोड-युधिष्ठिर सेतु होकर आईएसबीटी, फिर रिंग रोड या रानी झांसी रोड का रास्ता रहेगा।

पुलों पर भी रहेगा असर

डीएनडी, एनएच-24 (एनएच-9), युधिष्ठिर सेतु, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज से रिंग रोड की ओर जाने वाले मार्ग खुले रहेंगे। पुराना लोहे का पुल और गीता कॉलोनी पुल शांति वन की तरफ बंद रहेंगे।

मालवाहक वाहनों और बसों पर रोक

14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद पुल के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसी दौरान महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बसें नहीं चलेंगी। डीटीसी समेत स्थानीय बसों को भी 14 अगस्त मध्यरात्रि से 15 अगस्त सुबह 11 बजे तक आईएसबीटी कश्मीरी गेट-रिंग रोड-एनएच-24 (एनएच-9)/एनएच ‘टी’ पॉइंट यानी निजामुद्दीन खट्टा वाले मार्ग पर चलने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें वैकल्पिक रूट दिया जाएगा।

रेलवे स्टेशन और अस्पताल जाने वालों की सावधानी

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, जे.पी.एन. अस्पताल और कस्तूरबा अस्पताल जाने वालों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। सामान्य रूट के बजाय पहले से ट्रैफिक डायवर्जन देखकर निकलना बेहतर होगा।

समारोह स्थल पर इन चीजों से बचें

बड़े बैग, ब्रीफकेस, खाने-पीने का सामान, कैमरा, दूरबीन, छाता, ज्वलनशील पदार्थ और धारदार हथियार न लाने की अपील की गई है। मोबाइल चार्जर, पावर बैंक, ईयरफोन, पेनड्राइव, लैपटॉप, टैबलेट, इत्र और स्प्रे भी नहीं लाने की सलाह है। संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर उसे छूने या खुद जांचने के बजाय तुरंत पुलिसकर्मी को सूचना दें।

ड्रोन पर भी प्रतिबंध

सुरक्षा कारणों से दिल्ली-एनसीआर में 2 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक पैरा-ग्लाइडर, पैरा-मोटर, ड्रोन और अन्य समान हवाई प्लेटफॉर्म उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे में 15 अगस्त की सुबह पुराने शहर और लाल किले के आसपास अनावश्यक यात्रा से बचना और जरूरी होने पर ज्यादा समय लेकर निकलना बेहतर होगा।

Read More:

चमोली टनल हादसे के बाद CM धामी का एक्शन, घटना स्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments