उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में चोरी की एक बड़ी ही अजीबोगरीब वारदात सामने आई है, जहाँ चोरों की सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र की एक ज्वेलरी दुकान से सोने के आभूषण समझकर चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े जाने के बाद जब पुलिस ने बरामद सामान की जांच की, तो पता चला कि चोर जिन्हें असली सोने के गहने समझकर ले गए थे, वे महज 20 हजार रुपये मूल्य की आर्टिफिशियल () ज्वेलरी थी।
23 सितंबर को दुकान से उड़ाए थे जेवर
यह पूरा मामला अफजलगढ़ क्षेत्र के ग्राम सुआवाला का है। यहाँ के निवासी कर्मवीर सिंह की सर्राफा दुकान से 23 सितंबर को अज्ञात बदमाशों ने गहनों की डिब्बियां पार कर दी थीं। दुकान मालिक की तहरीर पर अफजलगढ़ पुलिस ने तुरंत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अगले ही दिन 24 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक चोरी की पीली धातु की ज्वेलरी बेचने की फिराक में घूम रहे हैं।
शेरकोट के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान विशेष कुमार, प्रमोद उर्फ सोनू और मनीष उर्फ मोन्टी के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी बिजनौर के थाना शेरकोट अंतर्गत ग्राम लेदरपुर के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से पीले रंग की नकली ज्वेलरी की दो डिब्बियां बरामद की गईं।
मुकदमे में बढ़ी धारा
सामान की बरामदगी के बाद अफजलगढ़ पुलिस ने दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) का इजाफा करते हुए तीनों आरोपियों को जेल भेजने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक कमल सिंह, कांस्टेबल देवकरण, विजय राणा, वरिन्द्र सिंह और अनुज शामिल रहे।
READ MORE: आडवाणी, केजरीवाल से जयशंकर तक… दिल्ली में दिग्गजों के वोट का क्या हुआ? चुनाव आयोग ने दिया अपडेट!

