कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु(Bengaluru) में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया। थानिसंद्रा इलाके में स्थित एक कार गैराज में तड़के करीब 5:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया और वहां खड़ी 25 से ज्यादा कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। बताया जा रहा है कि इन वाहनों में कई महंगी और लग्जरी कारें भी शामिल थीं।
हालांकि इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी व्यक्ति के घायल होने या जान गंवाने की खबर नहीं है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत सक्रिय हुई और पांच फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक गैराज में मौजूद ज्यादातर वाहन बुरी तरह जल चुके थे।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की संभावना जताई है। हालांकि अभी आग के सही कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आग किस वजह से लगी और इसकी शुरुआत कहां से हुई।
घटनास्थल की तकनीकी जांच के लिए सीन ऑफ क्राइम ऑफिसर्स (SOCO) की टीम भी निरीक्षण करेगी। टीम आग से जुड़े सबूतों को जुटाकर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
पुलिस कर रही जांच
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, आग की वजह से 25 से अधिक वाहन पूरी तरह नष्ट हुए हैं। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस मामले में संपिगेहल्ली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गैराज में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे या नहीं। इसके अलावा सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है ताकि हादसे के पीछे किसी लापरवाही की जानकारी सामने आ सके।