जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में रविवार को पुलिस की बहादुरी और बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बसंतर नदी(Basantar River) में अचानक जलस्तर बढ़ने से पांच लोग तेज बहाव के बीच फंस गए। कुछ ही मिनटों में नदी का बहाव इतना तेज हो गया कि सभी लोग बीच धारा में घिर गए थे जिनके पास बाहर सुरक्षित रूप से निकल आने का कोई साधन भी नहीं था।
उस समय आस-पास मौजूद लोगों ने ये नजारा देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस बिना समय गंवाए अपनी टीम लेकर घटना स्थल पर पहुंची और राहत एंव बचाव अभियान शुरु करके 5 लोगों को सही सलामत बाहर निकाल पाने में सफल हुई।
पुलिस टीम ने बहादुरी से किया रेस्क्यू
इस घटना की सूचना मिलते ही थाना सांबा के प्रभारी इंस्पेक्टर परवेज अहमद खांडे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नदी का तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां रेस्क्यू में बड़ी अड़चन थीं लेकिन पुलिस टीम ने संयम और सूझबूझ के साथ इस अभियान को चलाया। इसी के साथ योजनाबद्ध तरीके से किए गए प्रयासों के बाद एक-एक कर सभी पांच लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी जनहानि टल गई।
पुलिस की तत्परता की खूब हो रही सराहना
रेस्क्यू अभियान की सफलता के बाद स्थानीय लोगों ने सांबा पुलिस की तत्परता और साहस की तारीफ की। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। इस अभियान ने आपात परिस्थितियों में पुलिस की तैयारियों और जिम्मेदारी का परिचय दिया है।
वरिष्ट अधिकारियों ने भी की तारीफ
सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुज कुमार ने रेस्क्यू अभियान में शामिल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी मुख्यालय, इंस्पेक्टर परवेज अहमद खांडे और पूरी पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और जवानों ने बेहतर समन्वय, साहस और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए पांच लोगों की जान सुरक्षित बचाई। पुलिस के मुताबिक, बरसात के मौसम में नदियों और नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी में प्रवेश न करने की अपील भी की गई है।