दिल्ली के शकूरपुर इलाके में सड़क पर तेज रफ्तार कार चलाने को लेकर हुआ विवाद जानलेवा बन गया। शादी समारोह से लौट रहे 27 वर्षीय योगेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कार सवारों से धीरे गाड़ी चलाने को कहने पर कहासुनी हुई और उनमें से एक युवक ने योगेश की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गए।
शादी से लौटते वक्त कार सवारों से हुई बहस
पुलिस के मुताबिक, योगेश शकूरपुर की जेजे कॉलोनी का रहने वाला था। शुक्रवार तड़के करीब 1 बजे वह अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह से वापस लौटा था। इसके बाद वह दोस्तों के साथ जी-ब्लॉक रोड पर खड़ा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही हुंडई i20 कार में सवार लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि कार तेज रफ्तार से चलाई जा रही थी। योगेश और उसके दोस्तों ने इस पर आपत्ति जताई और कार सवारों को धीरे चलाने के लिए कहा। देखते ही देखते मामूली बहस ने झगड़े का रूप ले लिया।
गर्दन पर चाकू से वार कर फरार हुए आरोपी
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कार में मौजूद एक व्यक्ति ने चाकू निकाल लिया और योगेश की गर्दन पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से भाग निकला। हमले में योगेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल महाराजा अग्रसेन अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल दोनों पक्ष एक-दूसरे को जानते थे और एक ही इलाके के रहने वाले थे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि चाकू से हमला किसने किया और कार में मौजूद अन्य लोगों की वारदात में क्या भूमिका थी। उधर, योगेश के परिवार ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उसकी दादी के मुताबिक, योगेश ने सिर्फ तेज रफ्तार से कार चलाने पर आपत्ति जताई थी। इसी बात पर विवाद हुआ और उस पर हमला कर दिया गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Read More
कानपुर में AI की मदद से किया रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन, 8 घंटे में लगाए 16 स्क्रू और 2 रॉड

