Supreme Court on Food Quality in India: भारत में बिकने वाले पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनकी पैकेजिंग को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान मल्टीनेशनल खाद्य कंपनियों के दोहरे रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कई कंपनियां पश्चिमी देशों के मुकाबले भारत में कम गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद बेच रही हैं। कोर्ट ने इसे गंभीर और चिंताजनक स्थिति बताते हुए कहा कि भारतीय उपभोक्ताओं को भी दूसरे देशों के नागरिकों के समान सुरक्षा और जानकारी मिलनी चाहिए।
मामले की सुनवाई जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने की। अदालत ने पैकेट में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर ‘फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग’ अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्राहक सामान खरीदने से पहले उसमें मौजूद पोषक तत्वों और नुकसानदायक पदार्थों की जानकारी आसानी से हासिल कर सकें।
भारतीय ग्राहकों के साथ भेदभाव पर कोर्ट की नाराजगी
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारत में कारोबार करने वाली कई मल्टीनेशनल फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) कंपनियां अलग-अलग देशों में अलग मानक अपना रही हैं। ये कंपनियां अमेरिका और ब्रिटेन जैसे पश्चिमी देशों में स्वेच्छा से न्यूट्रिशन लेबलिंग के नियमों का पालन करती हैं, लेकिन भारत में ऐसे नियम लागू करने का विरोध करती हैं।
अदालत ने स्पष्ट कहा कि भारतीय ग्राहकों को भी उतना ही सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए, जितनी दूसरे देशों के उपभोक्ताओं को दी जाती है। कंपनियों को सभी देशों में खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं को जानकारी देने के मामले में समान मानक अपनाने चाहिए।
पैकेट पर लगाना होगा अलग-अलग चेतावनी लेबल
यह निर्देश 3S and Our Health Society की ओर से दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिए गए। अदालत ने कहा कि अधिक मात्रा में फैट, शुगर और नमक वाले खाद्य उत्पादों के पैकेट पर अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाए जाने चाहिए।
कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, ये चेतावनी लेबल षट्कोणीय आकार के होने चाहिए। इन पर संबंधित नुकसानदायक तत्व की तस्वीर के साथ हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट जैसे स्पष्ट शब्द लिखे होने चाहिए। इससे ग्राहक को पहली नजर में पता चल सकेगा कि वह जिस खाद्य पदार्थ को खरीद रहा है, उसमें किस चीज की मात्रा अधिक है।
एक ही लेबल में नहीं दिखाई जाएंगी सभी चेतावनियां
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि फैट, शुगर और नमक की अधिक मात्रा के लिए एक ही षट्कोणीय लेबल का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक तत्व के लिए अलग चेतावनी लेबल लगाना होगा।
अदालत ने कहा कि लेबल पर इस्तेमाल होने वाली तस्वीरों और अक्षरों का आकार इतना बड़ा होना चाहिए कि ग्राहक उन्हें आसानी से देख और पढ़ सके। इसका उद्देश्य पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के बारे में उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी देना है।
FSSAI को तय करनी होगी सीमा
अदालत ने एडेड शुगर और एडेड फैट के बजाय टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाने की बात कही है। इसके लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को आवश्यक सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने लेबल फटीग यानी बार-बार चेतावनी लेबल देखने के कारण उपभोक्ताओं का उन पर ध्यान देना कम कर देने की समस्या पर भी चिंता जताई। अदालत का जोर ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर है, जिसमें चेतावनियां स्पष्ट और प्रभावी हों तथा ग्राहक खाद्य पदार्थों से जुड़े संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को समझकर खरीदारी का फैसला ले सकें।
Read More:
पठानकोट में भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया

