एयर इंडिया के एक को-पायलट को ज़्यूरिख एयरपोर्ट पर शराब के सेवन के संदेह के बाद फ्लाइट ऑपरेट करने से रोक दिया गया। घटना 6 सितंबर की बताई जा रही है, जब पायलट को ज़्यूरिख से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI151 उड़ानी थी। शुरुआती अल्कोहल स्क्रीनिंग में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उसे ड्यूटी से हटाकर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया और बाद में सस्पेंड कर दिया गया।
शराब की गंध आने पर कराया गया टेस्ट
अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट पर को-पायलट से शराब की गंध महसूस होने के बाद उसका ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया। शुरुआती जांच में परिणाम पॉजिटिव आया। हालांकि, फॉलो-अप टेस्ट की रिपोर्ट अभी लंबित बताई गई है। एयरलाइन अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद को-पायलट को फ्लाइट संचालित करने की अनुमति नहीं दी गई। उसे यात्री के तौर पर भारत वापस भेज दिया गया। अंतिम मेडिकल रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने तक उसे निलंबित रखा गया है। एयर इंडिया के अधिकारियों के अनुसार, जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद मामले में नियमों के मुताबिक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एयरलाइन ने फिलहाल इस घटना पर कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।
स्विस एविएशन अथॉरिटी ने दी जानकारी
स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन (FOCA) के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को PTI को बताया कि घटना में लागू राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार जरूरी कदम उठाए गए। प्रवक्ता के मुताबिक, इस मामले की जानकारी एयरलाइन ऑपरेटर और भारत के डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को भी दे दी गई थी। उनके अनुसार, घटना के चलते ज़्यूरिख से दिल्ली जाने वाली AI151 को निर्धारित तरीके से ऑपरेट नहीं किया जा सका।
पहले भी पायलट पर हुई थी कार्रवाई
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब करीब एक महीने पहले एयर इंडिया ने दिल्ली-फुकेट फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड के खिलाफ कार्रवाई की थी। एयरलाइन ने बताया था कि संबंधित पायलट साइकोएक्टिव पदार्थों की जांच में पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं। ज़्यूरिख की घटना में अभी फाइनल मेडिकल रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। एयरलाइन अधिकारियों का कहना है कि अंतिम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Read More
जमुई के बाद अब बदायूं शर्मसार! जंगल में प्रेमी-जोड़े को घेरा, छेड़खानी के बाद लूटे पैसे, 3 दबोचे गए


[…] ज़्यूरिख से दिल्ली जाने वाली Flight में एय… […]
[…] ज़्यूरिख से दिल्ली जाने वाली Flight में एय… […]