चंडीगढ़(Chandigarh) के सेक्टर-22 में शुक्रवार, 25 सितंबर की सुबह एक हेड कांस्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नितिन के तौर पर हुई है। वह चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय की अकाउंट्स ब्रांच में तैनात थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, सुबह नितिन के घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम जब घर पहुंची तो नितिन बिस्तर पर गंभीर हालत में मिले। उनके सिर में गोली लगी थी। पुलिस उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गई लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर में पत्नी और बेटा भी थे मौजूद
जिस समय यह घटना हुई नितिन की पत्नी और बेटा भी घर में मौजूद थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किसने चलाई और इसके पीछे क्या वजह थी। घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि इसी हथियार का इस्तेमाल गोली चलाने में हुआ हो सकता है। हथियार को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
SSP ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं।
नाबालिग बेटे पर जताया जा रहा शक
जांच के दौरान नितिन के नाबालिग बेटे पर गोली चलाने का शक सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसएसपी ने भी कहा है कि जांच जारी है और इस स्तर पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
[…] चंडीगढ़ में हेड कांस्टेबल की हत्या से … […]
[…] चंडीगढ़ में हेड कांस्टेबल की हत्या से … […]