लखनऊ के हेल्थ सिटी हॉस्पिटल में 70 वर्षीय महिला के गलत पैर का ऑपरेशन किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि राजेश्वरी के बाएं घुटने में समस्या थी, लेकिन डॉक्टरों ने दाहिने घुटने की सर्जरी कर दी। परिवार का दावा है कि ऑपरेशन के बाद महिला अब दोनों पैरों से ठीक से चल नहीं पा रही हैं। मामले में उनके बेटे मनोज कुमार ने गोमतीनगर थाने में डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ शिकायत दी है।
बाएं घुटने में थी परेशानी
राजाजीपुरम निवासी राजेश्वरी को उम्र बढ़ने के साथ बाएं घुटने में परेशानी थी। उनके नाती आयुष के मुताबिक, उन्हें इलाज के लिए 8 सितंबर को आद्या हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिवार का कहना है कि वहां डॉक्टर सीपी गुप्ता ने इलाज के लिए 70 हजार रुपये लिए और आयुष्मान कार्ड भी जमा कराया। बाद में ज्यादा खर्चे की बात कहते हुए महिला को हेल्थ सिटी हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी गई।
हेल्थ सिटी में हुई सर्जरी
परिवार के मुताबिक, 9 सितंबर को राजेश्वरी को हेल्थ सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉ. सीपी गुप्ता भी मरीज को देख रहे थे। शिकायत में आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान बाएं घुटने की जगह दाहिने घुटने की सर्जरी कर दी गई। परिजनों का कहना है कि जिस घुटने में मूल समस्या थी, उसकी परेशानी अब भी बनी हुई है, जबकि दूसरे पैर में ऑपरेशन के बाद नई दिक्कत पैदा हो गई।
‘बाएं पैर में दर्द है’ कहने पर भी नहीं रोका ऑपरेशन
मनोज कुमार की पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी मां को जल्दबाजी में ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। वहां दाहिने घुटने की सर्जरी की तैयारी देखकर राजेश्वरी ने डॉक्टरों से कहा कि तकलीफ तो बाएं घुटने में है। शिकायत के मुताबिक, महिला ने परिवार के लोगों को बुलाने की बात भी कही, लेकिन उन्हें ऐसा करने नहीं दिया गया। इसके बाद उन्हें बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया। परिवार का दावा है कि ऑपरेशन के बाद उन्हें पता चला कि गलत घुटने की सर्जरी हो चुकी है।
परिजनों ने बनाए कई वीडियो
परिवार की ओर से बनाए गए कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में परिजन डॉक्टर से शिकायत करते नजर आ रहे हैं और डॉक्टर पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगा रहे हैं। एक अन्य वीडियो में डॉक्टर परिजनों से कह रहे हैं कि वे डॉक्टर को परेशान कर रहे हैं और यह गैर-जमानती अपराध है। एक अन्य वीडियो में परिजन पुलिस को फोन करते हुए गलत ऑपरेशन का आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं। वहीं, एक वीडियो में राजेश्वरी अपने उस घुटने की ओर इशारा करती नजर आती हैं, जिसमें परिवार के मुताबिक अभी भी परेशानी बनी हुई है।
Read More
‘सिर्फ मेरे ही बेटे को गोली क्यों मारी…’ जमुई छेड़छाड़ मामले पर आरोपी नंदन यादव की मां का बयान

