इजरायल और फिलिस्तीन के बीच जारी तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनकी सरकार कब्जे वाले वेस्ट बैंक में बड़े पैमाने पर सुरक्षा अभियान चलाने के लिए तैयार है। उनके इस बयान को क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई तेज होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
गिरफ्तारी के दिए निर्देश
रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने कहा कि सुरक्षा बलों को गांवों में जाकर तलाशी अभियान चलाने, हथियार जब्त करने और संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों को इजरायल “आतंकी ठिकाने” मानता है, वहां सुरक्षा अभियान और मजबूत किए जाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली सेना का फिलहाल ध्यान पूरे इलाके में अपनी मौजूदगी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने पर है।
जारी छापेमारी के बीच आया बयान
नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब वेस्ट बैंक के कई इलाकों में इजरायली सेना लगातार छापेमारी कर रही है। इसी दौरान कुछ स्थानों पर इजरायली बस्तियों के निवासियों द्वारा हमलों की भी खबरें आई हैं। विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री का बयान मौजूदा सैन्य अभियान को आगे बढ़ाने की मंशा का संकेत देता है। हालांकि, क्षेत्र की स्थिति पहले से ही तनावपूर्ण बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक संगठन ‘यूथ अगेंस्ट सेटलमेंट्स’ के संस्थापक ईसा अमरो ने कहा कि कब्जे वाले क्षेत्रों में रहने वाले फिलिस्तीनी नागरिक लगातार हिंसा और असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। उनका दावा है कि हाल के महीनों में हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि जब लोग अपने घर, परिवार या संपत्ति की रक्षा करने की कोशिश करते हैं तो उन पर हमला किया जाता है या उन्हें हिरासत में ले लिया जाता है।
20 से अधिक समुदायों के गांव छोड़ने का दावा
ईसा अमरो ने दावा किया कि लगातार बढ़ते हमलों और असुरक्षा के कारण हाल के वर्षों में 20 से अधिक फिलिस्तीनी समुदाय अपने गांव छोड़ चुके हैं। उनके अनुसार, सैकड़ों परिवार अपने घर, जमीन और बस्तियां छोड़ने के लिए मजबूर हुए हैं। उन्होंने इस स्थिति को “जातीय सफाए” जैसा बताया।फिलहाल वेस्ट बैंक में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। एक ओर इजरायली सेना का अभियान जारी है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही कार्रवाई का सबसे अधिक असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है। ऐसे में नेतन्याहू के ताजा बयान के बाद क्षेत्र की स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर बनी हुई है।
Read More
मैनपुरी से CM योगी का सपा पर करारा वार, बोले- ‘पहले नाम से डरते थे लोग, अब…’

