उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा(Greater Noida) में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है जहां STP (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान दो लोगों की जान चली गई। यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में देर रात हुई। हादसे में एक सफाई कर्मचारी और एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सोसाइटी में सफाई कर्मचारी शशिकांत शर्मा STP टैंक की सफाई करने के लिए अंदर उतरा था।
काम के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह टैंक के अंदर ही बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए सिक्योरिटी गार्ड आकाश मदद के लिए टैंक में उतरा, लेकिन वह भी कुछ समय बाद बेहोश हो गया। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और राहत कार्य के लिए फायर टीम को मौके पर बुलाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने दोनों को किया मृत घोषित
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सफाई कर्मचारी शशिकांत शर्मा और सिक्योरिटी गार्ड आकाश को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस या दम घुटने की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, घटना की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। इसके साथ ही पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं हादसे
ग्रेटर नोएडा में इससे पहले भी लापरवाही से जुड़े हादसे सामने आ चुके हैं। नॉलेज पार्क क्षेत्र की एक सोसाइटी में बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि गड्ढा निर्माण कार्य के लिए खोदा गया था जिसमें बारिश का पानी भर गया था।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार को गिरफ्तार किया था। वहीं, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी थीं। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।