COVID-19 Cases: भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। इसी बीच आंध्र प्रदेश के अमरावती से शनिवार को COVID-19 के 10 नए मामले सामने आए हैं। इन नए मामलों के बाद राज्य में कुल एक्टिव और रिपोर्ट किए गए मामलों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। इनमें 24 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 16 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। वहीं, अब तक आंध्र प्रदेश में कोरोना से चार लोगों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया ताजा बुलेटिन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार शाम जारी बुलेटिन के मुताबिक, नए संक्रमितों में सबसे अधिक तीन मरीज गुंटूर जिले से मिले हैं। इसके अलावा एनटीआर जिले में दो नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, अल्लूरी सीताराम राजू, एलुरु, कृष्णा, तिरुपति और विशाखापत्तनम जिलों में एक-एक नया संक्रमित मरीज मिला है। विभाग ने यह भी बताया कि अब तक राज्य में कुल 302 लोगों की कोविड-19 जांच की जा चुकी है।
पूर्वी गोदावरी सबसे अधिक प्रभावित जिला
राज्य में अब तक सामने आए मामलों पर नजर डालें तो पूर्वी गोदावरी जिला सबसे अधिक प्रभावित बना हुआ है, जहां अब तक 11 संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके बाद गुंटूर में 9, वाईएसआर कडप्पा में 8, विशाखापत्तनम में 5 और एनटीआर जिले में 3 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा काकीनाडा, एलुरु और बापटला जिलों में दो-दो मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य कई जिलों में एक-एक कोविड संक्रमित मरीज मिला है।
24 मरीज अस्पताल में भर्ती
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्तमान में 24 कोविड-19 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं, 16 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। राहत की बात यह है कि अब तक पांच मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं। इनमें वाईएसआर कडप्पा जिले के तीन मरीज शामिल हैं, जबकि गुंटूर और एलुरु जिले के एक-एक मरीज भी स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बढ़ रहे हैं मामले
आंध्र प्रदेश के अलावा देश के कई दूसरे राज्यों में भी कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। पिछले कुछ दिनों में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में भी कोविड-19 के नए मामले सामने आए हैं। इन राज्यों में बढ़ते संक्रमण ने स्वास्थ्य एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी है।
बिहार में भी कोविड-19 की दस्तक
हाल ही में बिहार के भागलपुर में भी एक पिता और उनकी बेटी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए। दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। बिहार में संक्रमण की एंट्री ने यह चिंता बढ़ा दी है कि वायरस का दायरा अब अन्य राज्यों तक भी फैल सकता है।
क्या फिर पूरे देश में फैल सकता है वायरस?
देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सामने आ रहे नए मामलों और चार मौतों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी, जांच और संक्रमित मरीजों के उपचार पर जोर दे रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि सतर्कता, समय पर जांच और जरूरी सावधानियों का पालन संक्रमण को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
Read More:
नेपाल ने बदले भारतीय नोटों से जुड़े नियम, अब 200 और 500 रुपये के नोट ले जाने की मिलेगी इजाजत

