नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने 2024 के मोटरसाइकिल ब्लास्ट मामले में झारखंड के कोडरमा ज़िले में चार जगहों पर तलाशी के दौरान दो लोगों को गिरफ़्तार किया और गैर-कानूनी तरीके से जमा किए गए 1,662 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए।
महेश मेहता और शंकर यादव को किया गिरफ़्तार
एजेंसी ने बताया कि तलाशी के दौरान महेश मेहता और शंकर यादव को गिरफ़्तार किया गया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, वे “विस्फोटकों के गैर-कानूनी भंडारण और उन्हें सह-आरोपियों तक पहुंचाने की आपराधिक साज़िश में सक्रिय रूप से शामिल थे, जिससे जान-माल को खतरा था”। बयान में कहा गया है कि NIA की टीमों ने छापेमारी के दौरान डेटोनेटर के अलावा पांच डिजिटल डिवाइस और 16 लाख रुपये नकद भी ज़ब्त किए।
एजेंसी ने बताया कि यह मामला 2024 में साल्टोरा इलाके में हुए मोटरसाइकिल विस्फोट से जुड़ा है, जिसमें एक आरोपी, जॉयदेब मंडल उर्फ बबलू मंडल की मौत हो गई थी, वह कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से विस्फोटक ले जा रहा था। बयान के अनुसार, NIA द्वारा अक्टूबर 2024 में इस संबंध में मामला दर्ज किए जाने के बाद तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ़्तार किया जा चुका है और उनके खिलाफ़ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
बयान के मुताबिक, जांच के दौरान एजेंसी ने “बिना वैध लाइसेंस के गैर-कानूनी तरीके से हासिल किए गए विस्फोटकों के भंडारण और परिवहन से जुड़ी एक आपराधिक साज़िश” का पता लगाया। एजेंसी ने आगे पाया कि “भंडारण और परिवहन की प्रक्रिया को एक गुप्त नेटवर्क चला रहा था, साथ ही विस्फोटकों को खतरनाक और गलत तरीके से संभाला जा रहा था”। इसमें कहा गया है कि विस्फोटकों के स्रोत और उन्हें कहाँ पहुँचाया जाना था, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।
READ MORE: बाराबंकी में नाबालिग के धर्मांतरण और जबरन निकाह का मामला आया सामने, पुलिसकर्मी समेत 12 लोगों पर FIR दर्ज