Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने से लोगों को कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। लंबे इंतजार के बाद हुई इस बारिश ने पूरे शहर का मौसम खुशनुमा बना दिया है। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के साथ हो रही बारिश ने लोगों को सुकून पहुंचाया है।
बारिश का लोगों ने उठाया आनंद
बारिश के बाद दिल्ली की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार कुछ धीमी हो गई। वहीं कई लोग चाय-पकोड़ों के साथ मौसम का आनंद लेते नजर आए, जबकि बच्चे बारिश में भीगकर खुशियां मनाते दिखे। राजधानी के कुछ इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि कई जगह केवल बूंदाबांदी हुई। इस बदलाव ने लोगों की सुबह को सुहावना बना दिया है।
कई राज्यों में बनी मुसीबत
जहां दिल्ली के लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे, वहीं देश के कई राज्यों में यही बारिश मुसीबत बन गई है। जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र और असम में लगातार हो रही बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। इन राज्यों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई सड़कें पानी में डूब गई हैं और जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।
महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और गुजरात में बिगड़े हालात
सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और गुजरात शामिल हैं। यहां नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में लोगों के घरों तक पानी पहुंच गया है। सड़कें जलमग्न हैं और कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कुछ जगहों पर हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोगों को ऑफिस और दूसरे जरूरी कामों के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
पवना बांध 95% तक भरा
महाराष्ट्र में मानसून के आगमन के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई थी। लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बारिश की वजह से पवना बांध अपनी क्षमता के लगभग 95% तक भर चुका है, जिससे प्रशासन की निगरानी लगातार बनी हुई है।
झेलम नदी का बढ़ रहा जलस्तर
जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश के चलते स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है। अनंतनाग में लगातार हो रही बारिश के कारण झेलम नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिस पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
Read More:
दुनिया में गूंजा 17 साल के वैभव सूर्यवंशी का धमाका! सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़कर बने नंबर-1

