राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। जहां एक मकान के भीतर चल रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
घर में चला रहे थे पटाखा फैक्ट्री
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस मकान में हादसा हुआ वहां घर के भीतर ही पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। अचानक आग लगने के बाद एक के बाद एक तेज धमाके हुए, जिससे मकान और आसपास का इलाका दहल उठा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
3 लोगों की दर्दनाक मौत
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं पांच घायलों को इलाज के लिए जयपुरिया अस्पताल और S.M.S. अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से तीन लोगों को S.M.S. अस्पताल के बर्न वार्ड में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार वे 50 से 70 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
राहत और बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया, जबकि बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटा रहा। अधिकारियों का कहना है कि मलबे की पूरी जांच के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है।
Read More
पटना कोचिंग विवाद में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को तगड़ा झटका, कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका