3000 से अधिक बसों में मिलेगा पीने का पानी
दिल्ली में बढ़ती भीषण गर्मी के बीच दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने यात्रियों के लिए ‘जलदूत’ पहल की शुरुआत की है। डीटीसी द्वारा शुरू की गई इस पहल के तहत शहर के 23 प्रमुख टर्मिनलों और 3000 से अधिक बसों में यात्रियों को मुफ्त पीने का पानी मिलेगा। दिल्ली परिवहन निगम की यह पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है जो रोजाना बसों में सफर करते हैं, ऐसे में उन्हें कभी-कभी डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना भी करना पड़ता है।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की प्राथमिकता
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इस योजना को लेकर कहा कि भीषण गर्मी के बीच बस में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि ‘जलदूत’ पहल के जरिए दिल्ली सरकार दिल्लीवासियों को तत्काल राहत और जरूरी सहायता देने की कोशिश कर रही है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का मानना है कि इस तरह की व्यवस्थाएं न सिर्फ राहत देती हैं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

पिछले साल योजना को मिली थी सकारात्मक प्रक्रिया
बता दें कि सरकार द्वारा यह पहल पिछले साल भी शुरू की गई थी, जिसे लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इस बार इसे और बड़े स्तर पर लागू किया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके।

