People Drown in Ganga During Mundan Ceremony: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रविवार सुबह गंगा नदी में मुंडन संस्कार के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट (ब्यासी) पर स्नान करते समय चार लोग डूब गए, जिनमें दो किशोरियां शामिल हैं। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई। मामले में पुलिस उपाधीक्षक मुहम्मद उस्मान ने बताया, ‘शिवरामपुर घाट पर सुबह 7:30 बजे 4 युवक-युवतियां नहा रहे थे। एक का पैर फिसलने के बाद तीन और उसे बचाने के लिए आगे बढ़े और चारों डूब गए। चारों की तलाश की जा रही है।’
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर गांव निवासी वशिष्ठ चौहान के परिवार में मुंडन संस्कार का कार्यक्रम था। इस अवसर पर परिवार और रिश्तेदार गंगा स्नान के लिए शिवरामपुर घाट पहुंचे थे। इसी दौरान स्नान करते समय चार लड़कियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
बचाव में उतरे लोग भी बने शिकार
किशोरियों को डूबता देख आसपास मौजूद लोग उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। हालांकि, इस दौरान बचाव का प्रयास कर रहे दो युवक भी गहरे पानी में समा गए। देखते ही देखते स्थिति और गंभीर हो गई और घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
#WATCH बलिया (उत्तर प्रदेश): पुलिस उपाधीक्षक मुहम्मद उस्मान ने बताया, "शिवरामपुर घाट पर सुबह 7:30 बजे 4 युवक-युवतियां नहा रहे थे। एक का पैर फिसलने के बाद तीन और उसे बचाने के लिए आगे बढ़े और चारों डूब गए। चारों की तलाश की जा रही है।"
(सोर्स: बलिया पुलिस) pic.twitter.com/Nh4fREtIsy
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 3, 2026
कौन हैं लापता लोग
घटना में डूब रही चार किशोरियों में से दो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो किशोरियां और दो युवक अब भी लापता हैं। लापता लोगों की पहचान हर्षिता चौहान (17), नंदिता चौहान (12), अरुण चौहान (20) और अर्जुन चौहान (19) के रूप में हुई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है, जो लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
इलाके में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजन घाट पर ही डटे हुए हैं और अपने अपनों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। प्रशासन लगातार बचाव कार्य में जुटा हुआ है, लेकिन देर शाम तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
Read More:
बाराबंकी में पुलिस ने ड्रग माफिया मिस्बाहुर्रहमान पर कसा शिकंजा, ₹6 करोड़ की प्रॉपर्टी भी कुर्क

