उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत गौतमबुद्ध नगर को नया पुलिस कमिश्नर मिल गया है। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि मौजूदा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का तबादला गाजियाबाद कर दिया गया है। 2005 बैच के IPS अधिकारी रविंदर गौड़ को करीब दो दशक का पुलिस प्रशासन का अनुभव है। वह आगरा, गाजियाबाद और लखनऊ समेत कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं।
पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में की पढ़ाई
जे. रविंदर गौड़ का जन्म 1 दिसंबर 1973 को तेलंगाना के महबूबनगर में हुआ था। वह उत्तर प्रदेश कैडर के 2005 बैच के IPS अधिकारी हैं। उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए किया है और 22 अगस्त 2005 को भारतीय पुलिस सेवा में नियुक्त हुए थे। फिलहाल वह IG रैंक के अधिकारी हैं। अपने करियर में उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जांच से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्ष 2013 में उन्होंने लखनऊ के SSP के तौर पर काम किया। इसके बाद गोरखपुर रेंज में DIG और IG रहे। लखनऊ में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) में DIG के पद पर भी तैनात रहे।
कई चर्चित जांचों से जुड़े
रविंदर गौड़ के पुलिस करियर में सोनभद्र का उम्भा नरसंहार एक महत्वपूर्ण मामला रहा है। वर्ष 2019 में SIT में तैनाती के दौरान उन्होंने इस घटना की जांच का नेतृत्व किया था। जमीन विवाद को लेकर हुए इस नरसंहार में गोंड जनजाति के 11 लोगों की हत्या कर दी गई थी। विवाद करीब 40 साल पुराने जमीन के मामले से जुड़ा था।
11 जनवरी 2024 को उन्हें आगरा का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया। वहां जगदीशपुरा कांड की जांच और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी वह चर्चा में रहे। इसके बाद 15 अप्रैल 2025 को उन्हें गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया। अब उन्हें गौतमबुद्ध नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
नोएडा में होंगी कई चुनौतियां
पुलिस सेवा में योगदान के लिए रविंदर गौड़ को DG कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें 15 अगस्त 2019 को सिल्वर, 15 अगस्त 2021 को गोल्ड और 15 अगस्त 2024 को प्लेटिनम डिस्क मिला था। 1 जनवरी 2023 को उन्हें IG रैंक पर पदोन्नति मिली। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में उनकी नई जिम्मेदारी कई चुनौतियों से भरी होगी। साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट के मामलों पर नियंत्रण उनकी प्राथमिकता में रहेगा। इसके अलावा संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क और औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा भी अहम मुद्दे होंगे।
तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हाईराइज सोसायटियों की सुरक्षा, महिलाओं और बुजुर्गों की हिफाजत तथा ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों पर नियंत्रण भी जरूरी होगा। थानों में शिकायतों का समय पर निस्तारण और पुलिस की जवाबदेही बढ़ाना भी उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी होगी। अब देखना होगा कि आगरा और गाजियाबाद का अनुभव वह नोएडा की कानून-व्यवस्था सुधारने में किस तरह इस्तेमाल करते हैं।
Read More


[…] […]