भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत में एक और आधुनिक युद्धपोत जुड़ने जा रहा है। सरकारी शिपयार्ड गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) ने शुक्रवार को P17A श्रेणी का तीसरा और आखिरी एडवांस्ड गाइडेड-मिसाइल फ्रिगेट ‘विंध्यगिरि’ नौसेना को सौंप दिया। इसके साथ ही शिपयार्ड ने इस श्रेणी के तीनों युद्धपोतों के निर्माण और डिलीवरी का काम पूरा कर लिया है। करीब 149 मीटर लंबे और 6,670 टन वजनी इस युद्धपोत को कोलकाता में आयोजित समारोह में रियर एडमिरल आरएस धालीवाल ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया।
ब्रह्मोस से हमला, बराक-8 से हवाई सुरक्षा
विंध्यगिरि की सबसे बड़ी ताकत इसका आधुनिक हथियार सिस्टम है। इसमें ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और बराक-8 सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें लगाई गई हैं। ब्रह्मोस दुश्मन के युद्धपोतों और जमीन पर मौजूद महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बना सकती है। वहीं, बराक-8 लड़ाकू विमानों, मिसाइलों और दूसरे हवाई खतरों से सुरक्षा देती है। इस तरह यह फ्रिगेट केवल हमला करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने साथ चल रहे दूसरे नौसैनिक जहाजों की सुरक्षा भी कर सकता है। इसे एंटी-एयर, एंटी-सरफेस और एंटी-सबमरीन यानी हवाई, सतही और पनडुब्बी रोधी अभियानों के लिए तैयार किया गया है।
आधुनिक रडार और स्टील्थ तकनीक से लैस
युद्धपोत में एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड ऐरे (AESA) रडार और आधुनिक कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम लगाए गए हैं। ये तकनीक हवाई और समुद्री खतरों की पहचान करने और एक साथ कई लक्ष्यों पर नजर रखने में मदद करती है। इसमें डीजल इंजन और गैस टर्बाइन आधारित संयुक्त प्रणोदन प्रणाली है। जहाज पर हेलीकॉप्टर संचालन की सुविधा और करीब 225 नौसैनिकों के रहने की व्यवस्था भी है। हेलीकॉप्टरों के जरिए दूर तक निगरानी, पनडुब्बियों की तलाश और बचाव अभियान चलाए जा सकते हैं।
विंध्यगिरि नीलगिरि श्रेणी के P17A स्टील्थ फ्रिगेट कार्यक्रम का हिस्सा है। स्टील्थ डिजाइन का उद्देश्य रडार पर युद्धपोत की पहचान कम करना है, जिससे दुश्मन के लिए उसे खोजना मुश्किल हो सके। इसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 17 अगस्त 2023 को लॉन्च किया था।
आत्मनिर्भर भारत और समुद्री सुरक्षा को मजबूती
विंध्यगिरि GRSE की ओर से नौसेना को सौंपा गया 811वां पोत और शिपयार्ड के इतिहास का 121वां युद्धपोत है। इसकी डिलीवरी दुनागिरि सौंपे जाने के आठ महीने से भी कम समय बाद हुई है। GRSE फिलहाल 11 प्रमुख नौसैनिक प्लेटफॉर्म पर काम कर रहा है। इनमें दो एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटरक्राफ्ट, चार नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल और पांच नेक्स्ट जेनरेशन कॉर्वेट शामिल हैं। इसके अलावा 36 अन्य जहाजों का निर्माण भी जारी है, जिनमें 13 निर्यात के लिए हैं।
Read More
17 साल के भारतीय AI डेवलपर ने राष्ट्रपति पुतिन के साथ ली सेल्फी, मॉस्को में छाया भारतीय छात्र

