रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी लेने के बाद भारत के 17 वर्षीय राहुल जॉन अजू सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। केरल के कोच्चि से जुड़े राहुल की मुलाकात मॉस्को में आयोजित AI जर्नी कॉन्फ्रेंस के दौरान पुतिन से हुई। बातचीत के दौरान राहुल ने रूसी राष्ट्रपति से सेल्फी लेने की इच्छा जताई, जिस पर उन्होंने खुशी से हामी भर दी।
बचपन में वीडियो बनाते थे
राहुल को ‘AI Kid of India’ के नाम से पहचाना जाता है। महज 17 साल की उम्र में वह कोच्चि की एक कंपनी के फाउंडर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर हैं। पुतिन से मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। राहुल ने लिखा, “मैं अब भी इस पल को समझने की कोशिश कर रहा हूं। बचपन में मजे के लिए वीडियो बनाने से लेकर 17 साल की उम्र में राष्ट्रपति पुतिन से मिलने तक, जिंदगी ने मुझे ऐसे मौके दिए, जिनके बारे में मैंने कभी सोचा भी नहीं था।” उन्होंने कहा कि अभी उन्हें बहुत कुछ सीखना और करना है। साथ ही, अपनी इस यात्रा में साथ देने वाले लोगों का आभार जताया।
कई AI प्रोजेक्ट पर कर चुके हैं काम
राहुल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में कई प्रोजेक्ट तैयार किए हैं। इनमें ThinkCraft, RESQ AI, JustEase, NyayaSathi और Project 47X शामिल हैं। ThinkCraft एक AI आधारित लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जबकि Project 47X के जरिए कानूनी जानकारी को आम लोगों के लिए सरल बनाने की कोशिश की गई है। उनके इन प्रोजेक्ट्स के चलते उन्हें युवा AI प्रतिभा के रूप में पहचान मिली है।
रूसी दूतावास ने भी साझा की मुलाकात की जानकारी
भारत में रूसी दूतावास ने भी राहुल की पुतिन के साथ मुलाकात का जिक्र किया। दूतावास के मुताबिक, राहुल उन युवा AI प्रतिभाओं में शामिल थे, जिन्हें रूस और कजाखस्तान के राष्ट्रपतियों से मिलने का अवसर मिला। दूतावास ने उन्हें भारतीय स्कूली छात्र बताते हुए पुतिन के साथ उनकी सेल्फी का भी उल्लेख किया। मॉस्को में AI जर्नी कॉन्फ्रेंस 26 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। 26 नवंबर को इसके मुख्य सत्र में पुतिन और कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव शामिल हुए। सम्मेलन में भारत, रूस, कजाखस्तान, चीन, सर्बिया और ब्राजील समेत कई देशों के 300 से ज्यादा विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इसमें AI के समाज, कारोबार और विज्ञान पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा हुई।
Read More

