HomeBreaking NewsWhatsApp का बड़ा धमाका! अब विदेश में भी नहीं होगी इंटरनेट की...

WhatsApp का बड़ा धमाका! अब विदेश में भी नहीं होगी इंटरनेट की टेंशन, ऐप से ही खरीद सकेंगे ई-सिम, Jio और Verizon समेत इन कंपनियों से साझेदारी

WhatsApp New Feature: विदेश यात्रा करने वाले लोगों के लिए WhatsApp एक बड़ी सुविधा लाने की तैयारी कर रहा है। अब दूसरे देश में इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए एयरपोर्ट पर स्थानीय सिम कार्ड खरीदने या महंगे इंटरनेशनल रोमिंग प्लान लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मेटा के स्वामित्व वाला मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp एक ऐसी सर्विस पर काम कर रहा है, जिसके जरिए यूजर्स सीधे ऐप से ही डेटा ई-सिम खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। इस सुविधा के आने से यात्रियों को विदेश में इंटरनेट कनेक्टिविटी की परेशानी से राहत मिल सकती है।

खास बात यह है कि ई-सिम इस्तेमाल करने के बावजूद यूजर्स अपने पुराने मोबाइल नंबर से WhatsApp चलाना जारी रख सकेंगे।

WhatsApp से ही खरीद और इंस्टॉल होगी ई-सिम

WhatsApp ने गुरुवार को अपने ब्लॉग पोस्ट के जरिए इस नई सुविधा की जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अब ई-सिम खरीदने के लिए अलग-अलग वेबसाइट या ऐप पर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे WhatsApp के माध्यम से ही कुछ आसान स्टेप्स में डेटा ई-सिम खरीद सकेंगे और उसे अपने स्मार्टफोन में इंस्टॉल कर पाएंगे।

इस सुविधा का फायदा उन लोगों को सबसे ज्यादा मिलेगा, जो नौकरी, बिजनेस या घूमने के सिलसिले में अक्सर विदेश यात्रा करते हैं। अभी तक विदेश पहुंचने के बाद इंटरनेट चलाने के लिए यात्रियों को स्थानीय सिम कार्ड खरीदना पड़ता है या फिर अपने मोबाइल ऑपरेटर का इंटरनेशनल रोमिंग पैक एक्टिवेट कराना पड़ता है।

कई बार एयरपोर्ट पर सिम खरीदने में समय भी बर्बाद होता है। WhatsApp की नई सर्विस इन परेशानियों को कम कर सकती है।

Jio और Verizon समेत इन कंपनियों से मिलाया हाथ

इस नई सुविधा को शुरू करने के लिए WhatsApp ने कई दूरसंचार और ई-सिम सेवा देने वाली कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इनमें भारत की Jio के अलावा स्मार्ट एक्सियाटा, स्मार्ट कम्युनिकेशंस और अमेरिका की Verizon जैसी कंपनियां शामिल हैं।

कंपनी के मुताबिक, शुरुआत में इस सुविधा को चुनिंदा देशों में उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन देशों में सबसे पहले इसकी शुरुआत होगी।

इसके अलावा अलग-अलग देशों के लिए मिलने वाले डेटा प्लान, उनकी वैधता और कीमतों को लेकर भी कंपनी ने फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में WhatsApp इस सर्विस से जुड़ी अन्य जानकारियां भी सामने ला सकता है।

महंगे इंटरनेशनल रोमिंग पैक से मिल सकती है राहत

विदेश यात्रा के दौरान मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल करना अक्सर महंगा साबित होता है। कई टेलीकॉम कंपनियां इंटरनेशनल रोमिंग के लिए अलग-अलग पैक उपलब्ध कराती हैं, जिनकी कीमत सामान्य डेटा प्लान के मुकाबले ज्यादा हो सकती है। वहीं, दूसरे देश में स्थानीय सिम कार्ड खरीदना भी हर यात्री के लिए सुविधाजनक नहीं होता।

WhatsApp की इस नई पहल से यात्रियों को इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए एक और विकल्प मिल सकता है। खासकर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है, जिन्हें कम समय के लिए विदेश जाना होता है और वहां लगातार इंटरनेट की जरूरत पड़ती है।

WhatsApp के प्रमुख ने बताई कंपनी की योजना

WhatsApp के प्रमुख कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस पहल को ई-सिम सेक्टर में कंपनी की शुरुआती कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोग दुनिया के किसी भी हिस्से में जाएं, तो उन्हें WhatsApp इस्तेमाल करने में परेशानी न हो। इसके लिए उन्होंने दुनियाभर की कंपनियों और साझेदारों को भी इस पहल से जुड़ने का न्योता दिया है।

मेटा के मुताबिक, दुनियाभर में WhatsApp के तीन अरब से ज्यादा यूजर्स हैं। ऐसे में अगर कंपनी की यह नई सुविधा सफल रहती है, तो अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए इंटरनेट इस्तेमाल करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है।

हालांकि, यूजर्स को इस सर्विस के लॉन्च होने और इसकी कीमतों से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा।

Read More:

परिसीमन विधेयक पर YSR कांग्रेस का समर्थन, 850 लोकसभा सीटों के प्रस्ताव पर संसद में बढ़ेगी सियासी सरगर्मी

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments